हरजिंदर को कांस्य पदक जीतने पर 40 लाख रुपये देगी पंजाब सरकार

    Loading

    चंडीगढ़: बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारोत्तोलक हरजिंदर कौर को पंजाब सरकार 40 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देगी। हरजिंदर ने महिलाओं के 71 किग्रा भार वर्ग में नाटकीय अंदाज में कांस्य पदक हासिल किया। नाइजीरिया की स्वर्ण पदक की प्रबल दावेदार जॉय इजे क्लीन एवं जर्क के तीनों प्रयासों में नाकाम रही जिससे हरजिंदर का कांस्य पदक पक्का हो गया। 

    पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत ने हरजिंदर को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। पंजाब सरकार ने उनके लिए 40 लाख रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा भी की। भगवंत मान ने ट्वीट किया, ‘‘नाभा के निकट मेहस गांव की रहने वाली हरजिंदर कौर को राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। हरजिंदर आप पंजाब की लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत हो। आपके माता-पिता और प्रशिक्षकों को भी बधाई।” 

    उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब सरकार की खेल नीति के तहत उन्हें इस उपलब्धि के लिए 40 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।” इस बीच हरजिंदर के कांस्य पदक जीतने के बाद उनके पैतृक निवास पर जमकर जश्न मनाया गया। हरजिंदर के भाई प्रीतपाल सिंह ने कहा, ‘‘यह हमारे लिए गौरवशाली क्षण है क्योंकि उसने कड़ी मेहनत के बाद कांस्य पदक जीता है। हमें पूरा विश्वास था कि वह पदक जीतेगी। उसे इस क्षेत्र में आगे बढ़ने में परिवार के प्रत्येक सदस्य का समर्थन हासिल था।” (एजेंसी)