बीजेपी पदाधिकारियों ने महानगरपालिका कमिश्नर से मुलाकात कर औरंगाबाद के विकास कार्यों पर नाराजगी जताई

    Loading

    औरंगाबाद : स्मार्ट सिटी (Smart City) और महानगरपालिका (Municipal Corporation) द्वारा शहर में विविध विकास कार्य (Development Work) जारी है। सभी विकास कार्य कछुआ के गति से जारी है, इस पर भाजपाईयों ने शहर अध्यक्ष शिरीष बोरालकर के नेतृत्व में महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. अभिजीत चौधरी (Municipal Commissioner Dr. Abhijit Chowdhary) से मुलाकात कर कड़ी नाराजगी जताई। भाजपाईयों ने महानगरपालिका कमिश्नर से शहर में जारी विकास कार्यों में गति लाने के साथ ही शहर के सभी वार्डों के जरुरी सुविधाओं पर प्रकाश डालकर तत्काल पूरा करने की मांग की। 

    महानगरपालिका कमिश्नर से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीजेपी शहर अध्यक्ष शिरीष बोरालकर ने बताया कि गत तीन साल से महानगरपालिका पर प्रशासक राज जारी है। जिससे आम जनता के प्रशनों पर आवाज उठ नहीं पा रही है। शहर के हर वार्डों में समस्याओं का अंबार लगा है। प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए हमने आज महानगरपालिका कमिश्नर से मुलाकात कर उन्हें शहर के सभी वार्डों की समस्याओं से अवगत कराया।  जिसमें प्रमुख रुप से स्मार्ट सिटी द्वारा शहर में निर्माण सड़कों के काम हल्के दर्जे होने की कई शिकायतें पूर्व नगरसेवकों के माध्यम से मिल रही है। इस पर चर्चा करने के लिए एक विशेष बैठक आयोजित करने की मांग भाजपाईयों ने महानगरपालिका कमिश्नर से  की। शहर में गंभीर पेयजल आपूर्ति की समस्या को तत्काल हल करने पर जोर दिया गया। बोरालकर ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश के बाद महानगरपालिका प्रशासन ने पेयजल आपूर्ति तीन दिन गैप देकर करने को लेकर नियोजन शुरु किया है। इन दिनों शहर वासियों को तीन से चार दिन बाद सिर्फ 45 मिनट पानी मिलता है। हमने प्रशासन से उसे एक घंटा करने की मांग की। 

    महिलाओं के प्रशनों की ओर प्रशासन का किया ध्यान आकर्षित 

    शहर अध्यक्ष बोरालकर ने बताया कि हमने महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. चौधरी के साथ चर्चा में महिलाओं के विषय पर विस्तृत चर्चा की। जिसमें शहर के प्रमुख चौराहों पर महिलाओं के लिए मोबाइल स्वच्छता गृह रखना। महिलाओं के लिए सुबह और शाम के समय विशेष बसेस चलाना। बीजेपी शहर अध्यक्ष के अनुसार सुबह के समय डयूटी पर जाने वाली महिलाएं और स्कूल और कॉलेज जाने वाली लड़कियों की संख्या काफी अधिक होती है। शहर में आए दिन छेड़छाड़ के कई मामले सामने आ रहे है। ऐसे में सुबह और शाम के समय विशेष बसेस महिलाओं के लिए चलाने की मांग महानगरपालिका कमिश्नर से की गई। वहीं, गरवारे स्टेडियम में निर्माण किया हुआ स्विमिंग पूल का बचा हुआ काम पूरा कर तत्काल उसे शुरु करना। सिद्धार्थ गार्डन की तरह सिडको-हडको वासियों के लिए एक और गार्डन का निर्माण करना। शहर के सोसाइटियों में कई छोटे-छोटे गार्डन बने हुए है, उन्हें विकसित करना। शहर की प्रमुख 5 से 6 श्मशान भूमियों की हालत दयनीय है। वहां आज भी कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। वहां मूलभूत सुविधाओं की आपूर्ति करने को लेकर महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. अभिजीत चौधरी से विस्तृत चर्चा की गई। अंत में बोरालकर ने बताया कि सारे प्रशनों को महानगरपालिका कमिश्नर ने जानकर उन्हेंं तत्काल हल करने का आश्वासन दिया। विशेषकर, भाजपाईयों ने शहर के विकास के लिए राज्य सरकार से जरुरी मदद के लिए हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पूर्व मेयर बापू घडामोडे, पूर्व डिप्टी मेयर प्रमोद राठोड, समीर राजूरकर, पूर्व डिप्टी मेयर राजू शिंदे, शिवाजी दांडगे उपस्थित थे।