
छत्रपति संभाजीनगर: बीते कुछ माह से शहर के वीआईपी रोड पर निर्माण किए गए हज हाउस (Haj House) का काम पूरा हो चुका है। इन दिनों हाजियों का हज (Haj) के लिए सऊदी अरब रवाना होने का सिलसिला जारी हैं। शहर में बनकर तैयार हो चुका हज हाउस सिडको प्रशासन (CIDCO Administration) द्वारा शुरु न करने से नाराज कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता हज हाउस शुरु करने पहुंचे थे। तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेसियों ने हज हाउस शुरु करने के लिए किए आंदोलन (Protest) में पुलिस और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
हज हाउस का निर्माण पूरा होने के बावजूद उसे नागरिकों के लिए शुरु न करने को लेकर कांग्रेस ने हाल ही में अपने हाथों से हज हाउस खोलने की चेतावनी दी थी। इधर, पुलिस को कांग्रेस के आंदोलन की पूर्व सूचना मिलते ही सुबह से ही हज हाउस के पास सख्त पुलिस बंदोबस्त तैनात था। दोपहर के समय सैकड़ों कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शहर अध्यक्ष शेख यूसुफ लिडर के नेतृत्व में हज हाउस के सामने पहुंचे। कांग्रेसियों ने सरकार हम से डरती है, पुलिस को आगे करती है के नारे लगाए। हज हाउस खोलो हज हाउस खोलो की नारेबाजी शुरु की।
कांग्रेसियों ने किया हज हाउस में जाने का प्रयास
हज हाउस में जाने का प्रयास कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता कर रहे थे, तभी वहां तैनात पुलिस ने उन्हें रोका। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच नोक-झोंक भी हुई। उसके बाद पुलिस ने सभी कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया।
कांग्रेस ने दी प्रशासन को ये चेतावनी
आंदोलन के दरमियान कांग्रेस शहर अध्यक्ष शेख यूसुफ लिडर ने प्रशासन को चेताया कि वे आगामी एक पखवाडा में हज हाउस खोल दें, वरना कांग्रेस की ओर से और अधिक तीव्र आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के शहर अध्यक्ष मोईन इनामदार ने किया था। आंदोलन में नासेर नजीर खान, हेमा पाटिल, दीपाली मिसाल, भाऊसाहेब जगताप, डॉ. अरुण सिरसाठ, अनिल मालोदे, जफर शेख, डॉ. निलेश अंबरवाडीकर, कैसर आजाद, इरफान खान, अनिस पटेल, रेखा राउत, मंजू लोखंडे, अनिता भंडारी, शशिकला मगरे, कृष्णा भंडारे, साजीद खान आदि शामिल थे।