महाराष्ट्र में कोरोना के ग्राफ में बड़ी गिरावट, 24 घंटे में मिले 28,286 नए मामले, 36 मरीजों की गई जान

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोत्तरी के बाद बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 28,286 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 36 मरीजों की मौत हुई है। इसी के साथ राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या तीन लाख के करीब हो गई है। वहीं राज्य में ओमिक्रॉन के 84 नए मरीज मिले हैं। इस बात की जानकारी सोमवार को महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग (Health Department of Maharashtra) ने दी है।

    स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राज्य में 20,286 नए मामले और 36 मरीजों की मौत के चलते संक्रमितों का आंकड़ा 75,35,511 पर पहुंच गया है। वहीं मरने वालों की संख्या 1,42,151 हो गई है। इसके अलावा 21,941 लोग कोरोना मुक्त होने के बाद ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 70,89,936 हो गई है।

    वर्तमान में राज्य में कुल 2,99,604 एक्टिव मरीज है और सभी का इलाज चल रहा है। वहीं 14,35,141 कोरोना मरीज होम क्वारंटाइन और 3,402  संस्थात्मक क्वारंटाइन में है। राज्य में आज रिकवरी रेट 94.09% और डेथ रेट 1.88% दर्ज किया गया है।

    तेजी से फैल रहा ओमिक्रॉन

    महाराष्ट्र में कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रॉन तेजी से पैर पसार रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में ओमिक्रॉन के 84 नए मामले मिले हैं। इनमें से 47 मरीज उपराजधानी नागपुर में मिले हैं, जबकि 28 मरीज पुणे शहर में मिले हैं। राज्य में ओमिक्रॉन के नए मामले आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 2,845 पर पहुंच गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि राज्य में अब तक 1,454 लोग इस वायरस को मात दे चुके हैं।