Congress Meeting

Loading

चंद्रपुर. अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के निर्देशानुसार एवं प्रदेश अध्यक्ष संध्या सव्वालाखे के मार्गदर्शन में नारी न्याय सम्मेलन वं चंद्रपुर महिला कांग्रेस (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक 3 मार्च को यहां जिला मध्यवर्ती बैंक के सभागार में आयोजित की गई. राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में महिला न्याय एक अहम मुद्दा है. इसी के तहत महिला कांग्रेस की ओर से देश भर में नारी न्याय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है.

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता वर्षा जामदार ने उपस्थित महिलाओं को महिलाओं के हितों की रक्षा करने वाले कानून की जानकारी दी. इस अवसर पर महिला कांग्रेस में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया. जिनमें प्रमुख रूप से अनुसूचित प्रभाग की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अश्विनी खोबरागड़े, शहर अध्यक्ष चंदा वैरागड़े और पूर्व पार्षद वीना खनके, सकीना अंसारी शामिल थीं.

इस अवसर पर हमेशा महिला कांग्रेस का समर्थन करने वाले घुग्घुस शहर कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष राजू रेड्डी को भी सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्ष ठेमस्कर ने उपस्थित महीला पदाधिकारियों को नारी न्याय सम्मेलन के बारे में जानकारी दी. साथ ही केवल कांग्रेस पार्टी ही महिलाओं के हितों को आगे बढ़ा सकती है. स्व. प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कारण ही महिलाओं को पंचायत राज में 33 प्रश आरक्षण मिला था. हालांकि, ठेमस्कर ने तीखी आलोचना करते हुए कहा कि बीजेपी ने महिला आरक्षण के नाम पर महिलाओं को धोखा दिया है. इस कार्यक्रम में महिला कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, तहसील अध्यक्ष, शहर अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, जिला महासचिव, जिला सचिव और अन्य सभी महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं.

चंद्रपुर महिला कांग्रेस की तहसील अध्यक्ष शीतल काटकर, सेवादल महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष लता बारापात्रे, जिला उपाध्यक्ष शोभा वाघमारे, लता निंदेकर, जिला सचिव मीनाक्षी गुजरकर, मेहेक सैयद, संगीता मित्तल, पवन जगताप, बिराज नारायणे, महेश रंगारी, नितिन जुमड़े ने कड़ी मेहनत की.