Nana Patole and Devendra Fadnavis

Loading

मुंबई. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस पर सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर विरोधियों को निशाना बनाने और बदनाम करने का शनिवार को आरोप लगाया। पटोले ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद किरीट सोमैया के ‘मुंबई तक’ डिजिटल चैनल को दिए साक्षात्कार का हवाला दिया और कहा कि इसने ऐसी ‘छल-कपट’ की राजनीति को उजागर किया है, जो महाराष्ट्र की राजनीतिक विरासत को धूमिल कर रही है।

सोमैया ने साक्षात्कार में कहा था कि 2017 में फडणवीस ने उनसे (अविभाजित) शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे को आक्रामक रूप से निशाना बनाने के लिए कहा था। ठाकरे उस समय भाजपा के सहयोगी थे। सोमैया ने साक्षात्कार में दावा किया था कि इसके कारण, ठाकरे ने 2019 में उन्हें लोकसभा टिकट नहीं देने के लिए भाजपा पर दबाव बनाया था।

पटोले ने कहा, “देवेन्द्र फडणवीस वह खलनायक हैं जो महाराष्ट्र की महान राजनीतिक विरासत को बर्बाद कर रहे हैं। इन दस वर्षों में भाजपा का स्तर बहुत गिर गया है। इसने बदले की राजनीति और छल-कपट से विपक्ष को खत्म करने का काम किया है। सरकारी मशीनरी का इस्तेमाल कर कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेताओं को ब्लैकमेल किया गया।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा द्वारा की जा रही बदले की राजनीति को उठा रही है और सोमैया के साक्षात्कार ने अब इस सच्चाई की पुष्टि कर दी है। पटोले ने दावा किया, “सोमैया ने फडणवीस द्वारा की गई छल-कपट और बदले की राजनीति को उजागर किया है।”

उन्होंने कहा कि सोमैया विपक्षी नेताओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते थे और फिर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों से कार्रवाई करवाते थे। पटोले ने दावा किया कि कई नेता इस उत्पीड़न से तंग आकर भाजपा में शामिल हो जाते थे, जिसके बाद सत्तारूढ़ दल उन्हें सम्मान के साथ संवैधानिक पद देता था। उन्होंने कहा कि फडणवीस ने विरोधियों के साथ दुश्मन जैसा व्यवहार करके उन्हें बदनाम किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने दावा किया, “सोमैया द्वारा खुद यह सब खुलासा करने से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केवल विपक्ष को खत्म करने के लिए है।” (एजेंसी)