महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश (फाइल फोटो)
महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश (फाइल फोटो)

Loading

पुणे, नवभारत न्यूज नेटवर्क: मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक कोंकण, उत्तरी महाराष्ट्र, पश्चिम महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। उत्तर महाराष्ट्र में नासिक, जलगांव, धुलिया नंदुरबार, कोंकण में ठाणे और पालघर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है कोंकण और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हुई। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। साथ ही कोंकण तट के ऊपर हवा के ऊपरी हिस्से में एक चक्रवाती स्थिति संचालित हो रही है। इसके चलते राज्य के कोंकण, विदर्भ और घाट परिसर में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 20 सितंबर तक बारिश की चेतावनी जारी की है। 

ठाणे और पालघर जिलों को नारंगी चेतावनी दी गई है, जबकि नंदुरबार, नाशिक, मुंबई, रायगढ़, पुणे, रत्नागिरी, सतारा और सिंधुदुर्ग जिलों को पीली चेतावनी दी गई है।  धुलिया और जलगांव में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।  सोमवार को मुंबई, पालघर, ठाणे, नाशिक, रायगढ़, सिंधुदुर्ग और कोल्हापुर में बारिश की संभावना है। इस दिन रत्नागिरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मप्र: 10 बांधों के गेट खोले

भारी बारिश के चलते मध्य प्रदेश के नदी-नाले उफान पर हैं। कई डैम लबालब हैं. इस कारण 10 बांधों के गेट खोलने पड़े हैं। बरगी, तवा, ओंकारेश्वर, इंदिरा सागर, यशवंत सागर, सतपुड़ा, माचागोरा, पारसडोह, गंभीर और क्षिप्रा बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा गया। 

राजस्थान में 5 लोगों की मौत

राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है।  बीते तीन दिनों से राज्य में बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण राज्य के पांच बड़े बांध ओवरफ्लो हो गए हैं।  बांसवाड़ा में सबसे ज्यादा साढ़े 7 इंच तक बारिश हो चुकी है। यहां बारिश के चलते हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई।

जालोर और सांचौर के स्कूलों में सोमवार को छुट्टी कर दी गई।  बीते चौबीस घंटों में 5 जिलों में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।  बांसवाड़ा के बागीदौरा में सबसे अधिक 365 मिमी बारिश दर्ज की गई।