GRAMPANCHAYAT ELECTION 2023

Loading

मुंबई: महाराष्ट्र में 2 हजार 359 ग्राम पंचायत (Gram Panchayat Election 2023) में रविवार (5  नवंबर) को मतदान हुआ। आरोप-प्रत्यारोप की घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वहीं, कुछ स्थानों पर ग्राम पंचायत चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए हैं। वोटों की गिनती कल सोमवार 6 नवंबर को होगी। 

यवतमाल के दिघोरी में चालीस साल बाद ग्रापं चुनाव

यवतमाल व दारव्हा तहसील की सीमा पर स्थित दिघोरी-वरूड गांव में तकरीबन 40 वर्षों तक ग्रामपंचातय का अस्तित्व नहीं था। लंबी प्रतिक्षा के बाद दिघोरी गांव में स्वतंत्र ग्रामपंचायत का निर्माण हुआ। रविवार को दिघोरी ग्रामपंचायत के चुनाव लिए गए। इस चुनाव में ग्रामीणों का उत्साह भी देखने को मिला। वहीं जिले की 31 ग्रामपंचायतों  के लिए 87 फीसदी और 22 ग्रामपंचायतों के उपचुनाव का औसत 85 फीसदी रहा। सरपंच के अलावा सदस्यों के 416 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में बंद हो गई है। 

नागपुर जिले में 357 ग्राम पंचायतों में चुनाव

नागपुर जिले की 357 ग्राम पंचायतों के आम चुनाव एवं 5 ग्राम पंचायतों के उप चुनाव रविवार को पुरे हुए। सभी उमीदवारो का भविष्य मतपेटी में कैद हो गया है।    

 

अकोला के 280 सीटों के लिए ग्रामीणों ने किया मतदान

अकोला जिले में 14 सामान्य और 38 ग्राम पंचायतों के तहत उपचुनाव के लिए रविवार को ग्रामीणों ने मतदान किया। चुनाव के लिए कुल 236 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। 

वर्धा जिले पूरा हुआ मतदान, काकडदरा में दो गुटो में विवाद

वर्धा जिले की 29 ग्रामपंचायत के लिये सार्वत्रिक चुनाव व 33 ग्रापं में रिक्त पदो पर उपचुनाव लिया गया। सुबह 7.30 से शाम 5.30 बजे तक मतदाताओं ने 94 मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला। आष्टी तहसील के काकडधरा ग्रापं मतदान केंद्र छोड अन्य सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरिके से मतदान संपन्न हुआ। सरपंच व सदस्य पद के कुल 507 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम मशीन में कैद हो गया।

रविवार को ग्रामपंचायत के लिये मतदान के दौरान काकडदरा ग्रापं के मतदान केंद्र पर दो गुटो में विवाद व धक्कामुक्की की घटना सामने आयी। इससे कुछ समय के लिये परिसर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस ने कहा कि मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में खड़े नहीं होने को लेकर दो समूहों के बीच बहस हुई।

गोंदिया के नक्सली इलाकों में भी वोटिंग को लेकर उत्साह

गोंदिया के मोरगांव अर्जुनी तालुक के नक्सल प्रभावित इलाके में भी मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला. येरंडी ग्राम पंचायत आम चुनाव में 88 प्रतिशत मतदान हुआ। गोंदिया में तीन अन्य स्थानों पर भी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

गडचिरोली के कोरची में समय से पहले एवीएम बंद 

आदिवासी बहुल कोरची तहसील के 7 ग्राम पंचायत में आज रविवार को सार्वत्रिक चुनाव के लिए मतदान लिया गया. इनमें से दवंडी ग्राम पंचायत में विवाद होने की जानकारी दवंडी के नागरिकों ने दी है। सुबह 7.30 बजे से मतदान को शुरूआत हुई. लेकिन मतदान के निधारित समय से 15 मिनट पूर्व ही यानी 2.45 बजे ही ईवीएम सीलबंद  किए जाने से मतदाताओं में नाराजगी दिखाई दी। 

धुले में  भी दो समूहों के बीच विवाद 

धुले जिले के शिंदखेड़ा तालुका के मंडल में दो समूहों के बीच विवाद हो गया। दोनों गुट उस समय आमने-सामने आ गये जब दूसरे गुट के प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं ने मतदाता पर्ची पर प्रत्याशी के चिह्न पर आपत्ति जताई। इसी दौरान कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया, लेकिन समय पर पुलिस के हस्तक्षेप से विवाद सुलझ गया और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। 

अहमदनगर जिले की 178 ग्राम पंचायतों के लिए हुआ मतदान

अहमदनगर जिले में आज 178 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान हुआ। यह मतदान सभी 732 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ और 1701 सदस्य पदों के लिए 3995 उम्मीदवारों और सरपंच पदों के लिए 610 उम्मीदवारों की किस्मत भी मतपेटी लॉक हो गई है। 

पालघर जिले में 100 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान

पालघर जिले में 100 ग्राम पंचायतों के लिए आज चुनाव हो रहे हैं, जिनमें से 51 सामान्य और 49 ग्राम पंचायतों के लिए उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। 628 सीटों के लिए 2099 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिले में टेम्बी खोडवे सहित ग्राम पंचायत का सरपंच निर्विरोध चुना गया है।

बुलढाणा में 48 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान

बुलढाणा में 48 ग्राम पंचायतों के लिए उत्साहपूर्वक मतदान हुआ। सरपंच पद के लिए सीधे मतदान होने से दांव बढ़ गया है और विधायक संजय रायमुलकर, विधायक श्वेता महाले, विधायक आकाश फुंडकर, विधायक राजेंद्र शिंगणे की प्रतिष्ठा दांव पर है।