Omicron in India
File Photo

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना वायरस (Coronavirus) ने खतरनाक रफ्तार पकड़ ली है। यहां कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के साथ डेल्टा वैरिएंट भी तेजी से पैर पसार रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक राज्य में पिछले 24 घंटे में ओमिक्रॉन के रिकॉर्ड 238 संक्रमित मिले हैं। जबकि डेल्टा के 43,211 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 19 मरीजों की मौत हो गई है।

    स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में ओमिक्रॉन के 238 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इन सभी की रिपोर्ट इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ साइंस एजुकेशन एंड रीसर्च से मिली है। नए संक्रमितों में सबसे ज्यादा 197 मामले पुणे शहर में मिले हैं, जबकि पिंपरी चिंचवड़ में 32, पुणे ग्रामीण और नवी मुंबई में 3-3 मरीज मिले हैं। वहीं मुंबई में 2 और अकोला में 1 मरीज मिला है। इसी के साथ संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,605 पर पहुंच गई हैं।

    एक्टिव मरीजों की संख्या ढाई लाख पार

    राज्य में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 43,211 मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 71,24,278 और मृतकों की संख्या 1,41,756 हो गई है। वहीं, राज्य में पिछले 24 घंटे में 33,356 लोग कोरोना से उबरने के बाद ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 67,17,125 हो गई हैं।

    राज्य में वर्तमान में 2,61,658 एक्टिव मरीजों का इलाज चल रहा हैं। राज्य में आज रिकवरी रेट 94.28 और डेथ रेट 1.98 प्रतिशत दर्ज किया गया है। वर्तमान में राज्य में 19,10,361 होम क्वारंटाइन और 9,286 लोग संस्थात्मक क्वारंटाइन में है।