Landslide in Palghar, CM Eknath Shinde

    Loading

    पालघर (महाराष्ट्र). महाराष्ट्र (Maharashtra) के पालघर जिले (Palghar) के वसई कस्बे (Vasai) में बुधवार को भूस्खलन (Landslide) से एक व्यक्ति और उसकी बेटी की मौत हो गई तथा परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। इस बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने मृतकों के परिवारों को 6-6 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। जिसमें जिला राहत कोष से 4 लाख रुपए और नगर निगम से 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

    घर पर गिरा बड़ा पत्थर

    जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि वसई इलाके के वाघरालपाड़ा में अनिल सिंह (45) के घर पर सुबह साढ़े छह बजे पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिरा। उन्होंने कहा कि हादसे में सिंह और उसकी बेटी रोशनी (16) की मौत हो गई। सिंह की पत्नी वंदना (40) और बेटा ओम (12) मलबे में दब गए थे जिन्हें बाद में अग्निशमनकर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि मलबे से अनिल सिंह का शव सुबह साढ़े दस बजे निकाला गया और उसकी बेटी का शव दोपहर लगभग एक बजे निकाला जा सका।

    40 परिवारों सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

    पालघर के जिलाधिकारी डॉ माणिक गुरसाल ने कहा कि बचाव अभियान बाद में रोक दिया गया और मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। जिले में मंगलवार रात से भारी बारिश हो रही है जिसके चलते कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। भूस्खलन के बाद कम से कम 40 परिवारों को वसई विरार नगर निगम के कर्मचारियों, एनडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवियों की मदद से सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। पुलिस ने लोगों को अलर्ट रहने को कहा है।

    पालघर में स्कूल बंद

    उधर, जिले में भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने की घोषणा की है। जिलाधिकारी माणिक गुरसाल ने इस संबंध में एक आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया कि सभी आंगनवाड़ी, सरकारी और निजी स्कूल, जिला परिषद के स्कूल कल बंद रहेंगे।