Building Collapse in Kurla

    Loading

    मुंबई: कुर्ला पूर्व (Kurla East) नाइक नगर में  जिला कलेक्टर की जगह पर बनी 40-50 साल पुरानी चार खतरनाक इमारतों (Dangerous Buildings) में से एक सोमवार की रात करीब 12.40 बजे अचानक गिर गईं। इस हादसे में एक अज्ञात व्यक्ति सहित 19 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 32 लोग घायल हैं। इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्द ही इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। घायलों को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती किया गया था। 9 घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

    कुर्ला (पूर्व), शिव सृष्टि रोड, एस. टी. डिपो के सामने नाइक नगर सोसाइटी में कलेक्टर की जमीन पर चार 40-50 साल पुराने चार मंजिला निजी इमारतें हैं। इन इमारतों में बंजारा समुदाय के लोग पिछले कई वर्षों से रह रहे हैं। यह इमारत बहुत पुरानी है। जर्जर होने के कारण खतरनाक भी हो गई थी। मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने इन इमारतों के निवासियों को खाली करने के लिए 6 वर्ष पूर्व नोटिस दिया था। इमारत की बिजली पानी भी काट दी गई थी उसके बाद भी लोग बड़ी संख्या में वहां रह रहे थे।  

    सोमवार की रात में गिर गई इमारत

    सोमवार रात करीब 12.40 बजे चार में से एक इमारत गिर गई। उसका मलबा खतरनाक हो चुकी दूसरी विंग पर गिरने वह भी वह भी आंशिक रुप से क्षतिग्रस्त हो गई। आधी रात में  इमारतों के गिरने की आवाज से इलाके में कोहराम मच गया और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने ढही हुई इमारत की अंतिम दो मंजिलों में फंसे कुछ लोगों को साड़ी के सहारे बांधकर बचाया। घटना के जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

    घटना स्थल पर पहुंचे आदित्य ठाकरे

    राजनीतिक उठापटक के बीच राज्य के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे को जैसे ही इसकी सूचना मिली वे तत्काल दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए। ठाकरे तड़के सुबह 3 बजे पहुंच कर दुर्घटनाग्रस्त में किए जा रहे बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से दुर्घटना की विस्तृत जानकारी ली और उचित निर्देश दिए। आदित्य दूसरी बार दोपहर को भी दुर्घटना स्थल पर पहुंच कर राहत कार्य का जायजा लिया। इस बीच, आश्चर्य जनक रुप से स्थानीय बागी शिवसेना विधायक मंगेश कुडालकर गोवाहाटी के पंचतारांकित होटल में ऐशो आराम कर रहे हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

     मुख्यमंत्री ने हादसे पर जताया दुख

    मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इमारत हादसे में मारे गए लोगों के प्रति दुख जताते हुए पांच लाख रुपए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। उन्होंने घायलों का समुचित उपचार करने का भी आदेश दिया है।

    हमारे वार्ड में यह हादसा हुआ है। दुर्घटना के बाद मैं घटना स्थल पर पहुंच कर लोगों को राहत पहुंचाने का काम किया। अभी बचाव कार्य जारी है। तीन इमारतें खतरनाक हो चुकी है जिसमें कुछ लोग रह रहे थे। सुबह सभी को खाली करा लिया गया।

    -प्रवीणा मोरजकर, पूर्व स्थानीय नगरसेविका शिवसेना