यूपी के चुनाव तैयारियों में जुटे मुंबई के भाजपाई, अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित किया जा रहा प्रवासी कार्यकर्ता वर्कशॉप

    Loading

    मुंबई: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) में मिली शिकस्त से सबक लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) उत्तर प्रदेश  चुनाव (Uttar Pradesh Elections) में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहती है। इसलिए दूसरे राज्यों में रहने वाले पार्टी के पदाधिकारियों को अभी से ही चुनाव कार्य में लगा दिया गया है। इसको लेकर अलग-अलग क्षेत्रों में प्रवासी कार्यकर्ताओं के लिए वर्कशॉप आयोजित किया जा रहा है। भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पांडेय (Sanjay Pandey) के नेतृत्व में 90 पदाधिकारी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दी गयी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश का चुनाव काफी अधिक महत्वपूर्ण है। सभी राजनीतिक दल चुनाव में  पूरी ताकत के साथ जुट गए हैं।

    संगठन की दृष्टि से काफी मजबूत मानी जाने वाली भाजपा के समक्ष सरकार बचाने से बड़ी चुनौती विधायकों की संख्या बनाए रखने की है। चुनाव घोषणा के पहले ही महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में पार्टी का काम करने वाले उत्तर प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गयी है।

    शहर से लेकर गांव तक संपर्क अभियान

    उत्तर प्रदेश के भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि प्रवासी पदाधिकारी काफी परिपक्व होते हैं और वह संगठन की नब्ज को अच्छी तरह पहचानना जानते हैं। इसलिए उन्हें मैदान में उतारा गया है। शहर से लेकर गांव तक संपर्क अभियान, पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के अलावा आने वाले दिनों में चुनाव की रैलियों का प्रबंधन भी प्रवासी पदाधिकारियों को करना होगा।

     90 पदाधिकारी चुनाव कार्य के लिए उत्तर प्रदेश गए 

    महाराष्ट्र भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पांडेय के नेतृत्व में 90 पदाधिकारी चुनाव कार्य के लिए उत्तर प्रदेश गए हैं। जिसमें अनिल राय,संतोष सिंह, चंद्रसेन तिवारी, ओमप्रकाश चौहान, कपिल वर्मा, निरजा मिश्रा, संजीवनी पांडेय का समावेश है। पार्टी की तरफ से प्रयागराज, अवध, काशी, बुंदेलखंड सहित अन्य क्षेत्रों में प्रवासी कार्यकर्ता वर्कशॉप का आयोजन किया जा चुका है। भाजपा के स्थानीय लोगों का मानना है कि भाजपा के प्रवासी पदाधिकारी इतने गोपनीय तरीके से कार्य करते हैं कि किसी को भी पता नहीं चल पाता है। गुरुवार को लखनऊ में अवध क्षेत्र के प्रवासी कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे और भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सत्यकुमार ने चुनाव तैयारियों के संदर्भ में मार्गदर्शन किया। इस बैठक में मुंबई सहित महाराष्ट्र के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।

    पार्टी पदाधिकारियों को जिस क्षेत्र में जिम्मेदारी दी गयी है वे वहां रहकर स्थानीय पदाधिकारियों से तालमेल बनाकर काम करेंगे। इस बीच वे मुंबई आते जाते रहेंगे। पदाधिकारी जिस जिले का मूल निवासी है उसे उस जिले की जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

    - संजय पांडेय, अध्यक्ष, महाराष्ट्र उत्तर भारतीय मोर्चा