MUMBAI DABBAWALA NEWS

Loading

मुंबई: टाइम मैनेजमेंट की पहचान कहे जाने वाले मुंबई (Mumbai) के डिब्बा वालों (Dabbawalas) के लिए अच्छी खबर है। मुंबई के हजारों डिब्बा वालों को अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम (Affordable Housing Scheme) के तहत घर उपलब्ध कराने का निर्णय उपमुख्यमंत्री और गृह निर्माण मंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने लिया है। शुक्रवार को इस संबंध में उपमुख्यमंत्री ने मेघदूत बंगले पर संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाकर तत्काल कार्यवाही का निर्देश दिया। 

बीजेपी विधायक श्रीकांत भारतीय ने पत्रकारों को बताया कि मुंबई के डिब्बावालों को उनके काम करने वाले स्थान के आसपास ही घर उपलब्ध कराने का निर्णय उपमुख्यमंत्री ने लिया है। बीजेपी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में विधायक श्रीकांत भारतीय ने बताया कि आगामी 15 दिनों में कागजी कार्रवाई पूरी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुंबई में 5,000 डिब्बा वाले

उल्लेखनीय है कि मुंबई में सन 1860 से ही मुंबई में डिब्बा वाले कार्यरत हैं। इन डिब्बा वालों की सबसे पुरानी अधिकृत संस्था है। समय के साथ व कोरोना काल में इनकी संख्या काफी तेजी से घट गई, हालांकि अभी भी लगभग 5,000 डिब्बा वाले काम कर रहे हैं। श्रीकांत भारतीय ने बताया कि मुंबई में स्थित डिब्बा वाले भवन के आधुनिकीकरण के काम में निधी खर्च की जाएगी। इन डिब्बा वालों की ख्याति विदेशों में अमेरिका,इंग्लैंड तक पहुंची हुई है। मुंबई के सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर तीनों हिस्सों में कार्य करने वाले इन डिब्बावालों के टाइम मैनेजमेंट पर शोध होता है।

25 साल से घर की मांग

डिब्बा वाले संगठन के उल्हास और रामदास ने कहा कि हम पिछले लगभग 25 साल से मुंबई में घर की मांग कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए घर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की है। डिब्बे वालों को आशा है कि मुंबई में उनके सपनों का घर उपलब्ध हो सकेगा।