हिंसाग्रस्त सूडान से 246 भारतीय नागरिकों को लेकर वायुसेना का विमान पहुंचा मुंबई

Loading

मुंबई. भारतीय वायुसेना का एक विमान हिंसाग्रस्त सूडान से 246 भारतीयों को लेकर बृहस्पतिवार को मुंबई पहुंचा। एक अधिकारी ने बताया कि विमान जेद्दा से पूर्वाह्न लगभग 11 बजे रवाना हुआ था और यहां अपराह्न तीन बजकर 15 मिनट पर उतरा। इन यात्रियों में से कम से कम दो यात्री व्हीलचेयर पर आये थे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘एक और ‘ऑपरेशन कावेरी’ उड़ान मुंबई पहुंची तथा 246 और भारतीय स्वदेश लौटे।

केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने विमान के मुंबई के लिए रवाना होने से कुछ मिनट पहले ट्वीट किया था, “जेद्दा से भारतीयों को तेजी से स्वदेश वापस लाने के हमारे प्रयास रंग ला रहे हैं। आईएएफ सी17 ग्लोबमास्टर से 246 भारतीय जल्द ही मुंबई पहुंचेंगे।”

सूडान से भारतीय नागरिकों को निकालने के अभियान ‘ऑपरेशन कावेरी’ के तहत भारत ने जेद्दा में पारगमन सुविधा स्थापित की है जहां से भारतीयों को वापस लाया जाएगा। गौरतलब है कि सूडान में सेना और अर्द्धसैनिक समूह के बीच सत्ता हासिल करने के लिए भीषण संघर्ष जारी है। (एजेंसी)