File Photo
File Photo

Loading

भायंदर: मीरा भायंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की क्राइम ब्रांच यूनिट 1 की पुलिस ने मात्र 10 घंटे के अंदर सिर कटे महिला की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है ।चरित्र पर संदेह के कारण पति ने ही महिला की हत्या की थी। मृतक महिला के हाथ पर बने टैटू की मदद से पुलिस हत्यारे तक पहुंची ।हत्यारे अपने मूलगांव भागने की तैयारी में थे। तभी पुलिस ने मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। यूनिट-1 के पुलिस उप आयुक्त जयंत बजबले ने यह जानकारी दी । बजबले ने पत्रकार परिषद के दौरान बताया की शुक्रवार की सुबह भायंदर पश्चिम के उत्तन स्थित पातान बंदर समुद्र किनारे से एक लावारिस बैग मिली थी। बैग के अंदर एक 25 से 30 वर्षीय महिला की धड़ दो हिस्सों में काटकर रखा गया था। जिसका सिर गायब था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक महिला की शिनाख्त और हत्यारे की तलाश के लिए काशीमीरा और नवघर क्राइम ब्रांच पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक प्रशांत गांगुर्डे व अभिजीत लांडे की चार अलग-अलग टीम बनाई गई थी। जो घटनास्थल पर मिले सबूतों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अलग-अलग दिशा में हत्यारे की तलाश कर रही थी।

सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है मिंटू सिंह

पुलिस उप आयुक्त जयंत बजबले ने बताया कि मछुआरों को यह अंदाजा रहता है की कोई भी चीज किस दिशा से बह कर आई है ।उनसे मिली जानकारी के अनुसार वसई विरार की दिशा में तलाश पर जोर दी गई थी। मृतक महिला के हाथ पर बने टैटू के कारण पुलिस की एक टीम मीरा – भायंदर, वसई- विरार परिसर में टैटू बनाने वाले कारीगरों से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान एक कारीगर ने महिला के हाथ पर बने टैटू की पहचान कर बताया कि यह टैटू उसी ने बनाया है । उसकी मदद से मृतक महिला की शिनाख्त अंजलि मिंटू सिंह (23) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने नायगांव पूर्व के राजवली गांव के पास स्थित राज अपार्टमेंट से अंजलि के पति मिंटू राम ब्रिज सिंह( 31) तथा कांदिवली पूर्व के डहानुकर वाडी रोड पर स्थित पुष्पा हेरिटेज से चुनचुन राम ब्रिज सिंह (35) को गिरफ्तार किया है। मिंटू सिंह सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है, तो चुनचुन राम ब्रिज सिंह भी सिक्योरिटी सुपरवाइजर का काम करता है। दोनों सगे भाई हैं और बिहार के सीतामढ़ी जिले के रहने वाले हैं। मृतक अंजलि, मिंटू सिंह की पत्नी थी ।जो बिहार नेपाल बॉर्डर के पास की रहने वाली है। 3 साल पूर्व दोनों ने शादी की थी इनका एक 14 माह की लड़की है, जिसे अंजलि की हत्या करने के बाद मिंटू सिंह ने उसकी नानी के पास छोड़ आया था।

सिर और धड़ के दो टुकड़े अलग-अलग बैग में भरकर समुद्र में फेंक दिया 

पुलिस को प्राथमिक पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि मिंटू सिंह को अंजली के चरित्र पर संदेह था। इस बात को लेकर दोनों में अक्सर लड़ाई झगड़े होते थे। 24 मई को भी 4 बजे के आसपास इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। तभी मिंटू सिंह ने अंजली का सिर चाकू से काटकर धड़ से अलग कर दिया था। बाद में उसने अपने भाई चुनचुन सिंह की मदद से सिर और धड़ के दो टुकड़े अलग-अलग बैग में भरकर समुद्र में फेंक दिया था। पुलिस को अभी तक सिर तथा हत्या में प्रयोग किए गए हथियार बरामद नही हुआ है। उतन सागरी पुलिस सिर की तलाश और आगे की जांच में जुटी हुई है।