Poisonous Gas Leak at Boat, Mumbai

Loading

मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) की राजधानी मुंबई (Mumbai) में मछली पकड़ने में इस्तेमाल की जाने वाली एक नाव के स्टोरेज चैंबर से निकली जहरीली गैस से मंगलवार को दो लोगों की मौत हो गई और चार लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर है और तीन की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मुंबई पुलिस ने कहा, “नाव से निकली गैस के कारण बेहोश हो गए 2 लोगों की मंगलवार को मौत हो गई और 4 को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सबसे पहले नाव का मालिक पकड़ी गई मछली को लाने के लिए अंदर गया, गैस के कारण वह बेहोश हो गया, जब एक अन्य व्यक्ति उसे देखने गया तो वह भी बेहोश हो गया, कुल छह लोग बेहोश हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में भर्ती लोगों में से एक वेंटिलेटर पर है और अन्य 3 की हालत स्थिर है।”

जानकारी के मुताबिक यह घटना न्यू फिश जेटी में घटी जहां कर्मचारी सुबह करीब 11 बजे अंजनी पुत्र नौका से मछलियां उतार रहे थे। पुलिस उपायुक्त संजय लातकर ने कहा कि नौका देर रात करीब दो बजे तट पर लौटी थी और संदेह है कि सड़ी हुई मछलियों की वजह से गैस बनी होगी। उन्होंने कहा कि स्टोरेज चैंबर में उतरने वाले एक कर्मी की मृत्यु हो गई। लातकर के अनुसार नीचे उतरे पांच अन्य लोग भी बेहोश हो गए और उन सभी को सरकारी जेजे अस्पताल पहुंचाया गया।

अधिकारी ने बताया कि श्रीनिवास आनंद यादव (35) और नौका स्वामी नागा डी संजय (27) की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों आंध्र प्रदेश के रहने वाले थे। लातकर ने बताया कि आंध्र प्रदेश का ही निवासी सुरेश मेकला वेंटिलेटर पर है, वहीं तीन अन्य की हालत स्थिर है। अधिकारी ने कहा कि येलो गेट थाने में दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। (एजेंसी इनपुट के साथ)