टॉप 10 में बीएमसी के दो पब्लिक स्कूल

    Loading

    मुंबई: बीएमसी (BMC) द्वारा संचालित मुंबई पब्लिक स्कूल वर्ली सी फेस (Mumbai Public School Worli Sea Face) और पूनम नगर सीबीएसई स्कूल (Poonam Nagar CBSE School) को देश के शीर्ष दस सरकारी स्कूलों (Government Schools) की सूची (List) में शामिल किया गया है। देश भर के सरकारी स्कूलों का ऑनलाइन सर्वे (Online Survey) करने के बाद एजुकेशन वेबसाइट एजुकेशन वर्ल्ड इंडिया ने लिस्ट जारी की है। पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे, मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर, बीएमसी कमिश्नर इकबाल सिंह चहल अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी भिड़े ने इन विद्यालयों की प्रशंसा की है।

    बीएमसी के यह दोनों स्कूल भारत में सरकारी स्कूलों की एजुकेशन वर्ल्ड स्कूल रैंकिंग के वर्ष में किए गए सर्वेक्षण में भाग लिया था। इसके लिए इन स्कूलों ने ऑनलाइन आवेदन जमा किए थे। सर्वेक्षण में शिक्षकों की गुणवत्ता और क्षमता, स्कूल भवन, भौतिक सुविधाएं, शिक्षण गतिविधियां, छात्रों के समग्र विकास सहित सह-पाठ्यक्रम, ऑनलाइन शिक्षा, प्रधानाध्यापक नेतृत्व गुण, माता-पिता की भागीदारी शामिल थी।

     स्कूलों का चयन गहन जांच के बाद किया गया 

    सर्वेक्षण में दी गई जानकारी के अनुसार राज्य और राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न स्कूलों का चयन गहन जांच के बाद किया गया है। इनमें मुंबई पब्लिक स्कूल वर्ली सी फेस म्यूनिसिपल स्कूल को राज्य स्तर पर पहला और राष्ट्रीय स्तर पर पांचवां स्थान मिला है, जबकि मुंबई पब्लिक स्कूल पूनम नगर सीबीएसई स्कूल को राज्य स्तर पर दूसरा और राष्ट्रीय स्तर पर दसवां स्थान मिला है।

    ऑनलाइन आवेदन भी जमा किए थे

     इन स्कूलों ने सितंबर 2021 में जलवायु कार्य योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन भी जमा किए थे। इसी सिलसिले में इन स्कूलों ने इस पहल पर काम करना शुरू कर दिया है। जलवायु परिवर्तन पर चल रही परियोजनाओं की जानकारी के साथ वैश्विक और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न पहलों को लागू किया गया। इन जलवायु परिवर्तन की पहल में काम करने वाले या भाग लेने वाले विभिन्न विदेशी स्कूलों से संपर्क करके गतिविधियों और परियोजनाओं के बारे में भी जानकारी का आदान-प्रदान किया गया। गतिविधियों की कुल अवधि 3 सप्ताह थी। इसमें सीबीएसई हरियाली गांव और सीबीएसई काणे नगर स्कूलों को इस पहल में विश्व स्तर पर भाग लेने वाले स्कूलों में न केवल चुना गया, बल्कि उन्हें विश्व स्तर पर सम्मानित किया गया है। मुंबई पब्लिक स्कूल अजीज बाग और मुंबई पब्लिक स्कूल पूनम नगर सीबीएसई पाठ्यक्रम स्कूल को भी उनकी भागीदारी के लिए सम्मानित किया गया है।