PM Modi wished the countrymen a Happy Holi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

Loading

नागपुर. केंद्र में फिर सत्ता प्राप्त करने के लिए पूरी ताकत से भिड़ी भाजपा ने अब चुनावी प्रचार को गति दी है. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पन्ना प्रमुख तक का कार्यकर्ता कैडर होने के बाद भी अब बूथ चलो अभियान  शुरू किया जा रहा है जिसके तहत सिटी की दीवारों को ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ के स्लोगन से भरने की जानकारी भाजपा शहर अध्यक्ष बंटी कुकडे ने पत्र-परिषद में दी. उन्होंने कहा कि अभियान में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, चंद्रशेखर बावनकुले हिस्सा लेंगे. जिन दीवारों पर स्लोगन लिखने की अनुमति मिली है उन्हीं पर इस तरह का स्लोगन लिखा जाएगा. गांव चलो अभियान और महानगर में बूथ चलो अभियान 4 फरवरी से शुरू हो गया है. 

गांव में एक दिन

बंटी ने कहा कि 11 फरवरी तक पार्टी के नेता एक दिन गांवों में रहेंगे. सिटी में भी इसी तरह का कार्यक्रम होगा. पार्टी द्वारा दिए गए कार्यों को मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए यह मुहिम शुरू की गई है. देश के नागरिक को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिले, सभी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध हो, किसी तरह की परेशानियां  हों तो उनका निवारण हो, मतदाता सूची में उनका नाम सुनिश्चित हो. इस तरह के कार्य अभियान के दौरान किया जाएगा. मध्य नागपुर में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दक्षिण-पश्चिम में उपमुख्यमंत्री फडणवीस और पूर्व नागपुर में बावनकुले अभियान में हिस्सा लेंगे. पत्र-परिषद में अश्विनी जिचकार, चंदन गोस्वामी, राम आम्बुलकर, विष्णु चांगदे आदि उपस्थित थे. 

प्रवासी कार्यकर्ता महत्वपूर्ण

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत एक प्रवासी कार्यकर्ता काफी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा. बूथ की यात्रा कर कुल 18 विषयों की जानकारी एकत्रित करेगा. मंदिर, बुद्ध विहार व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जाकर प्रवासी कार्यकर्ता जानकारी प्राप्त करेगा. एक बूथ में 900 से 1,100 मतदाता होते हैं. उनसे प्रत्यक्ष मिलकर समस्याओं का निवारण करने की जिम्मेदारी इस कार्यकर्ता पर होगी.