Nashik bus stands

    Loading

    नासिक: राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें दीपावली (Diwali) के दौरान यात्रियों की सेवा के लिए चौबीसों घंटे दौड़ती रहीं। इस दौरान तकरीबन 15 लाख यात्रियों ने सफर किया। इसके माध्यम से नासिक मंडल को 11 करोड़ रुपए की आमदनी हुई है। कोरोना महामारी के संकट के कारण दो वर्षों तक नागरिक दिवाली नहीं मना पाए थे, लेकिन इस साल सभी प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के कारण नागरिकों ने दिवाली उत्साह के साथ मनाई।

    दिवाली के अवकाश के दौरान नागरिक गांव के साथ-साथ पर्यटन स्थलों पर भी पहुंचे। इसके लिए महामंडल ने अतिरिक्त बसें (Extra Buses) उपलब्ध कराई थी। किराए में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई। परिणामस्वरूप महामंडल की आय (Income) में वृद्धि हुई है। 

    नासिक डिपो को सबसे अधिक हुई आय

    महामंडल के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि महामंडल के कुल 13 डिपो हैं और उन्हें दिवाली की छुट्टियों में 10 करोड़ 99 लाख 36 हजार रुपए की आय हुई है। दीपावली की छुट्टियों में महामंडल ने कुल 14 लाख 80 हजार 826 यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचाया। नासिक डिपो को सबसे अधिक 2 करोड़ 24 लाख 95 हजार रुपए की आय हुई, जबकि, सटाणा डिपो को 95 लाख 32 हजार रुपए की कमाई हुई हैं।