mahesh landge

Loading

पिंपरी: पिंपरी-चिंचवड शहर (Pimpri-Chinchwad City) के आम नागरिकों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका प्रशासन (Pimpri-Chinchwad Municipal Administration) ने बजट (Budget ) में अधोसंरचना सुविधाओं को सक्षम बनाने पर बल दिया है। साथ ही बीजेपी के शासन में प्रस्तावित परियोजनाओं में भी तेजी लाई गई है। बीजेपी के शहर अध्यक्ष और विधायक महेश लांडगे (MLA Mahesh Landge) ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि पिंपरी-चिंचवडकरों को सही मायनों में राहत देने वाला यह व्यापक बजट है।

गौरतलब है कि मंगलवार को पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका कमिश्नर और प्रशासक शेखर सिंह ने आगामी वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 5298 करोड़ रुपए का मूल और केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं को मिलाकर कुल 7,127 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। बजट में हर वर्ग के नागरिकों पर विचार किया गया है। विधायक लांडगे ने इस पर संतोष जताया है।

कोविड महामारी से प्रभावित रहे विकास कार्य

विधायक लांडगे ने कहा कि 2017 से 2022 तक पांच साल के बीजेपी शासन के दौरान शहर में विकास कार्य कोविड महामारी से प्रभावित रहे। हालांकि, कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं बीजेपी के माध्यम से शुरू की गईं। इस बीच, 2019 में राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ। ढाई साल तक बीजेपी के शासन काल के विकास कार्यों को गति नहीं मिली। इसके विपरीत अनेक कार्यों के प्रावधान को कम करके राजनीतिक दुविधा पैदा करने का प्रयास किया गया। हालांकि शिंदे-फडणवीस सरकार के दौरान प्रशासकीय शासन के बावजूद बीजेपी शासन के कार्यों को गति मिली। 

‘नमामि इंद्रायणी’ के कार्य में तेजी आएगी

पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका कमिश्नर शेखर सिंह और प्रशासन ने आम पिंपरी-चिंचवडकर को केंद्र बिंदु मानते हुए बजट पेश किया है। इस बजट में प्रशासन ने अधोसंरचना, सड़कें, पर्यावरण, शिक्षा, खेल और महिला सशक्तिकरण सहित प्रस्तावित परियोजनाओं को पूरा करने का संकल्प लिया है। आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए विभिन्न योजनाओं की घोषणा की गई है। भोसरी विधानसभा के मोशी में पुणे जिले के सबसे बड़े 750 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण के लिए विशेष प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही समाविष्ट गांवों में विभिन्न परियोजनाओं को गति दी गई है। नदी सुधार परियोजना से ‘नमामि इंद्रायणी’ के कार्य में तेजी आएगी।