Janata Darbar

    Loading

    पिंपरी: मावल (Maval) के शिवसेना सांसद श्रीरंग बारणे (Shiv Sena MP Shrirang Barne) द्वारा गुरुवार को आयोजित जनता दरबार (Janata Darbar) पर नागरिकों की प्रतिक्रिया जबरदस्त रही। इसमें पानी, बिजली, ड्रेनेज लाइन, सड़क, अनधिकृत निर्माण, खतरनाक स्ट्रीट पोल जैसे विभिन्न विभागों से 498 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। सभी विभाग इन जन शिकायतों (Complaints) का तत्काल निराकरण करें। आम नागरिकों के साथ अन्याय न होने दें, उन्हें अपने कार्यालय में चक्कर न कटवाएं, सांसद श्रीरंग बारणे ने अधिकारियों को यह निर्देश दिया।

    पिंपरी-चिंचवड़ के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सांसद श्रीरंग बारणे की पहल पर गुरुवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक चिंचवड़ के ऑटो क्लस्टर में जनता दरबार का आयोजन किया गया था। 

    कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

    इसमें अप्पर पुलिस आयुक्त डॉ. संजय शिंदे, उपायुक्त मंचक इप्पर, पुणे महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त विकास ढाकणे, तहसीलदार गीता गायकवाड, सहायक प्रादेशिक परिवहन अधिकारी राजश्री गुंड, महावितरण के कार्यकारी अभियंता उदय भोसले, उमेश कवडे, खाद्य आपूर्ति अधिकारी दिनेश तावरे, मोटर वाहन निरीक्षक वृंदा त्रुरावे, सहायक पुलिस आयुक्त नंदकुमार भोसले, रेल्वे के चीफ कमर्शियल इन्स्पेक्टर संजीव सोन्ना, अभियंता मुकेश कुमार, पीएमआरडीए की विशाखा चिंतल, पिंपरी थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शंकर आवताडे, मनपा के सहायक आयुक्त अण्णा बोदडे, वायसीएम हॉस्पिटल के चिकित्सा अधिष्ठता डॉ. राजेंद्र वाबले, कार्यकारी अभियंता संदेश चव्हाण, आदि अधिकारी उपस्थित थे।

    नागरिकों ने की शिकायत

    इस जनता दरबार में पिंपरी, चिंचवड़ और भोसरी के नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद थे। नागरिकों ने अपनी शिकायतें, समस्याएं, प्रशासन की ढिलाई और मनमानी को व्यक्त किया। बिजली, पानी की आपूर्ति, कार्यों की धीमी प्रगति, जल निकासी की समस्या, दंड कर, अनधिकृत निर्माण, कब्रिस्तान जैसे विभिन्न विभागों के बारे में नागरिकों ने शिकायत की। सांसद बारणे ने सभी नागरिकों की शिकायतें जानीं। नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करने का सांसद ने निर्देश दिया। नागरिकों ने शिकायत दर्ज करने के लिए एक मंच प्रदान करने और उन्हें सुलझाने के लिए पहल करने के लिए सांसद बारणे को धन्यवाद दिया। 

    शिकायतों का निराकरण किया जाएगा

    सांसद ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा काम नागरिकों की समस्याओं को जानना और उनका समाधान करना है। जनता दरबार का आयोजन नागरिकों के विभिन्न वर्गों से संबंधित शिकायतों को एक छत के नीचे निपटाने के लिए किया गया था।  इसके जरिए अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं जानीं। जनता दरबार को 498 नागरिकों की लिखित शिकायत मिली है। इन शिकायतों को वर्गीकृत कर संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाएगा। शिकायतें जिनका समाधान नहीं हो पा रहा है, इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर रास्ता निकालने का प्रयास किया जाएगा। कितनी शिकायतों का निस्तारण किया गया? मैं व्यक्तिगत रूप से 15 दिनों में इसकी समीक्षा करूंगा।