Uran to Mumbai boat service becomes expensive , know how much fare increased

    Loading

    नवी मुंबई. उरण (Uran) से मुंबई (Mumbai) तक लोकल ट्रेन (Local Train) की सेवा उपलब्ध नहीं है, वहीं यहां से एसटी बस (ST Bus) से मुंबई जाने के लिए लगभग 2 घंटे का समय लगता है और ज्यादा रुपए भी खर्च होते हैं। जिसे बचाने के लिए उरण और इसके आसपास में रहने वाले लोग उरण के मोरा से मुंबई के भाऊचा धक्का तक चलने वाली बोट सेवा से यात्रा करना पसंद करते हैं, लेकिन अब 27 मई से बोट मालिकों ने इसके किराया में वृद्धि कर दिया है। यह वृद्धि 31 अगस्त 2021 तक लागू रहेगी। जिसके चलते अब बोट से उरण से मुंबई तक की यात्रा करने के लिए लोगों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी।

    गौरतलब है कि हर साल मानसून के आगमन से कुछ दिन पहले ही बोट मालिकों के द्वारा उरण के मोरा से मुंबई के भाऊचा धक्का तक चलने वाली बोट के किराया में वृद्धि करते हैं। इस साल भी उसी के तहत बोट मालिकों ने एक तरफ के किराए में 11 से 20 रुपए की वृद्धि की है। इसके पहले मोरा से मुंबई तक एक तरफ का फुल टिकट 70 रुपए था जो अब बढ़ाकर 90 रुपए किया गया है। हॉफ टिकट को 33 रुपए से बढ़ाकर 44 रुपए कर दिया गया है।

    7 से 8 बार होता है बोट का आवागमन

    लॉकडाउन के पहले मोरा से मुंबई के बीच चलने वाली बोट का पहले 20 बार आवागमन होता था। अब लॉकडाउन के चलते यात्रियों की संख्या काफी कम हो गई है। जिसकी वजह से अब दिन में 7 से 8 बार ही मोरा से मुंबई के बीच बोट का आवागमन हो रहा है। बोट के जरिए मोरा से मुंबई तक की दूर तय करने में 45 से 60 मिनट लगता है। मौजूदा समय में सुबह से समय हर 1 घंटे में बोट का आवागमन होता है, जबकि दोपहर के बाद हर 2 घंटे के बाद बोट का आवागमन होता है।

    कोरोना के नियमों का पालन करने का निर्देश

    मोरा बंदरगाह के निरीक्षक पी.बी. पवार ने बताया कि कोरोना के संक्रमण के चलते सभी बोट मालिकों को इसके नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। बोट में बगैर मास्क लगाए किसी भी यात्री को बोट में नहीं बैठाने की हिदायत दी गई है। इसके साथ ही यात्रा के दौरान यात्रियों व बोट के कर्मियों के द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कहा गया है। बोट में यात्रियों को बैठाने के पहले हर फेरी के समय बोट को सैनिटाइज करने का निर्देश बोट मालिकों को दिया गया है। पवार ने बताया कि मुंबई से सुबह 7 बजे पहली बोट उरण के लिए छूटती है, जबकि उरण से पहली बोट मुंबई के लिए सुबह 8 बजे छूटती है। मुंबई से उरण के लिए अंतिम बोट शाम को 5 बजे चलती है, जबकि उरण से मुंबई के लिए अंतिम बोट शाम को 6 बजे छूटती है।