Photo: @Twitter
Photo: @Twitter

    Loading

    जयपुर: करौली में अग्निकांड तथा हिंसा (Karauli Violence) से पीड़ित लोगों से मिलने जा रहे भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को (BJP leader Tejashwi Surya) अन्य बीजेपी नेता सहित पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनके साथ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां कभी मौजूद थे। पुनिया बुधवार को अपने कार्यकर्ताओं समेत पीड़ित परिवार से करोली मिलने जा रहे थे उसी दौरान पुलिस ने करौली-दौसा सीमा पर रोक दिया। 

    मेंहदीपुर बालाजी ले जाकर छोड़ा जायेगा

    दौसा के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट राम खिलाड़ी मीणा ने बताया कि सूर्या और पूनियां को करौली जाने से रोका गया इस पर उन्होंने अपनी गिरफ्तारी दी है। मीणा ने बताया, ‘उन्हें मेंहदीपुर बालाजी ले जाकर छोड़ा जायेगा।’ भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता करौली में अग्निकांड तथा हिंसा से पीड़ित लोगों से मिलने जा रहे थे। करौली जाने की मांग पर अडिग भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस द्वारा रोके जाने पर वहीं धरना देना शुरू कर दिया। पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की हुई। भाजपा नेता नहीं माने तो पुलिस ने युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां तथा सांसद मनोज राजोरिया को हिरासत में ले लिया।  करौली-दौसा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

    धारा 144 के चलते भाजपा नेताओं को रोका गया

    पुलिस के अनुसार, करौली में कर्फ्यू और धारा 144 के चलते भाजपा नेताओं को वहां जाने से रोका गया है। इससे पहले सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सूर्या के करौली सीमा पर पहुंचने पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया गया। करौली जाने पर अडिग सूर्या व अन्य नेता सीमा पर ही धरने पर बैठ गये। पुलिस की समझाने के बाद भी जब वो वहां से नहीं उठे तो पुलिस ने उन्हें वहां से तितर-बितर कर दिया। 

     सूर्या ने इस अवसर कहा, ‘करौली में क्या हुआ यह सच पूरा प्रदेश देखना चाहता हैं। हम करौली शांतिपूर्ण ढंग से जाना चाहते हैं। युवा मोर्चा शांतिपूर्वक ढंग से जाना चाहता है तो वह हमें क्यों रोक रहे हैं।’ उल्लेखनीय है कि करौली में नव संवत्सर के उपलक्ष्य में दो अप्रैल को मोटरसाइकिल रैली पर मुस्लिम बहुल क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव के बाद पैदा हुए सांप्रदायिक तनाव के चलते आगजनी व हिंसा की घटनाएं हुई थीं। 

     निर्दोषों की आवाज दबाना चाहती है सरकार 

     राजस्थान भाजपा की ओर से ट्वीट किया गया, ‘ करौली दंगा पीड़ितों की आवाज उठाने के “अपराध” में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी ये बताती है कि ये सरकार हर कीमत पर निर्दोषों की आवाज दबाना चाहती है।’ 

    घायल हुए पीड़ितों से मुलाकात

    इससे पहले जयपुर पहुंचने के बाद सूर्या और पूनियां एसएसएस अस्पताल गए और करौली की घटनाओं में घायल हुए पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रामलाल शर्मा ने कहा, ‘ भाजपा इस पूरे प्रकरण और गिरफ्तारी निंदा करती है। दमन के आधार पर आप चाहें कि यह आंदोलन कमजोर पड़ जाएगा तो यह कमजोर पड़ने वाला नहीं है जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।’

    क्या है मामला 

    बता दें कि, राजस्थान के करौली शहर में बीते 2 अप्रैल को दो समुदायों के बीच झड़पें हुईं और पथराव भी किया गया। इस दौरान कई दुकानों और घरों में तोड़फोड़ भी की गई थी। इस हिंसा में 11 लोग घायल हो गए थे। साथ ही , इस झड़प में 8 पुलिसकर्मियों की भी जख्मी होने की भी जानकारी मिली है।  घटना वाले क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है।  पुलिस ने 23 लोगों को गिरफ्तार किया है और 44 लोगों की पहचान की गई है। साथ ही हिंसा के लिए 100 से अधिक लोगों को अभी तक गिरफ्तार किया गया है। (भाषा इनपुट के साथ )