दो लड़कियों को दिल्ली ले जाकर बेचने की योजना नाकाम, रंगे हाथों पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

    Loading

    ओमप्रकाश मिश्र 

    रांची. झारखंड (Jharkhand) के गुमला जिले के जरडा गांव में आजाद आलम के घर में छापेमारी कर पुलिस (Police) ने उसके घर के एक बंद कमरे से दो लड़कियों को मुक्त कराया। मानव तस्करी (Human Trafficking) के जुर्म में मुख्य अभियुक्त आजाद आलम को पुलिस ने गिरफ्तार (Arrested) कर उसे जेल भेज दिया। लड़कियों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया। लड़कियों को उनके माता-पिता को बगैर सूचना दिए बहला-फुसलाकर अपने घर में छुपा कर रखने और काम दिलाने के नाम पर दिल्ली ले जाने के मामले में गुमला के जारी थाना में आजाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।

    आजाद के चंगुल से मुक्त कराने के पश्चात दोनों लड़कियों को महिला चौकीदार ने अपने कब्जे में ले लिया और पूछताछ के बाद लड़कियों को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के सन्दर्भ में जारी  थाना के थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि जरडा निवासी आजाद आलम द्वारा मानव तस्करी के लिए दो लड़कियों को अपने घर में रखने की उन्हें गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस ने शुक्रवार की रात लगभग 11 बजे उसके घर को घेर लिया और छापेमारी की।

    पुलिस ने लड़कियों को उनके परिजनों को सौंप दिया

    मिली जानकारी और शक के आधार पर एक बंद कमरे को खुलवाया तो वहां दो लड़की बैठी हुई थी महिला चौकीदार मुक्ति देवी एवं घनसोनी देवी ने दोनों लड़कियों को अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ के क्रम में दोनों लड़कियों ने पुलिस को बताया कि उन लड़कियों के गांव में आजाद का ससुराल है। ससुराल आने जाने के दौरान उन लोगों की उससे जान पहचान हुई। गत 17 जून को शाम सात बजे आजाद और उसका एक साथी उन लोगों को दिल्ली में काम दिलाने के नाम पर ठग कर अपने साथ मोटरसाइकिल में बैठा कर अपने घर लाया। वह उन लड़कियों को सुबह दिल्ली ले जाने का बात कर रहा था लड़कियों ने बताया कि उन लोगों के यहां आने और दिल्ली जाने की जानकारी परिजनों को नहीं थी। घर पर उन लोगों ने अपने माता-पिता को इसकी सूचना नहीं दी थी और आजाद के बहकावे पर उसके घर चली आयी थी। थाना प्रभारी ने पूछताछ के बाद बिना सूचना कहीं नहीं जाने की हिदायत देकर दोनों लड़कियों को उनके परिजनों को सौंप दिया।