ब्लाक प्रमुख और प्रखंड विकास अधिकारी आपसी तारतम्य और समन्वय बनाकर विकास योजनाओं को रफ्तार दें: डिप्टी सीएम मौर्य

Loading

लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार (Government of Uttar Pradesh) में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Deputy Chief Minister Keshav Prasad Maurya) ने रविवार को नगर निगम, सदन हॉल हाल आगरा में आगरा मंडल के ब्लाक प्रमुखों और   विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक केन्द्रीय विधि और न्याय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल की गरिमामय उपस्थिति में की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास को किस प्रकार और अधिक गति दी जा सके, इस के लिए पहली बार ब्लॉक प्रमुख और बीडीओ और जनपद के अधिकारियों के साथ सम्मेलन किए जा रहे हैं। जिससे कि समन्वय के साथ विकास के कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से किया जा सके। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार मतलब डबल रफ्तार से विकास, जिसके लिए विकास हो रहा है विकास उन तक पहुंचे। उप मुख्यमंत्री द्वारा जानकारी लेने पर कि कितने लोगों को इस कार्यक्रम के लिए निमंत्रण दिया गया, इस पर बताया गया कि कुल 43 में से 42 क्षेत्र पंचायत प्रमुख बैठक में मौजूद हैं, उप मुख्यमंत्री द्वारा इस उपस्थित पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ब्लॉक प्रमुख भी विकास के प्रति उत्साहित हैं, मेरा और सभी विधायक का उनके प्रति पूर्ण सहयोग है। 

उप मुख्यमंत्री मौर्य द्वारा सभी ब्लॉक प्रमुख का आह्वान किया गया कि वह विकास के लिए अपने बहुमूल्य रचनात्मक सुझाव दें। बताया कि सरकार ने इस के लिए आदेश निर्गत किया है कि प्रत्येक माह खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान और ब्लॉक प्रमुख, ब्लॉक स्तर पर बैठक करेंगे और समन्वय से प्राप्त समस्याओं को हल करेंगे और इस बैठक का कार्यवाही रजिस्टर भी बनाएंगे, इसी प्रकार जनपद स्तर पर भी बैठक आयोजित की जाए, जिसका विवरण शासन को प्रेषित करें। जिन ब्लॉक और जनपदों में समस्या समाधान के लिए बैठक करने में लापरवाही मिलती है उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी, उन्होंने बताया कि इन बैठकों का उद्देश्य समन्वय के साथ विकास को और अधिक गति देना है। 

ब्लॉक प्रमुखों को सुरक्षा गार्ड या शस्त्र लाइसेंस देने पर विचार करने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ब्लाक प्रमुखों के सुझाव और समस्याएं भी सुनी और उन्होंने आश्वस्त किया की सभी के सुझाव पर विचार किया जाएगा और हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने अंत्येष्ठि स्थल, चक मार्ग, चारागाह, चकरोड, खलिहान, नदी, नाले और तालाबों को अवैध कब्जा और अतिक्रमण से मुक्त कराने और पांच वर्ष से अधिक एक ही स्थान पर जमे ग्राम पंचायत अधिकारियों के तबादले पर विचार करने, ब्लॉक प्रमुखों को सुरक्षा गार्ड या शस्त्र लाइसेंस देने पर विचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक, तहसील, जिले को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने, ब्लॉक में माह का एक दिन नियत कर सभी बीडीओ, ब्लॉक प्रमुखों स्वच्छता दिवस के रूप में ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर सफाई अभियान चलाने का आह्वान किया, उन्होंने खण्ड विकास अधिकारीयों से भी सुझाव मांगे और प्रेरित किया कि वे अपने ब्लॉक में कुछ नवाचार करें, जिससे कि ब्लॉक, विकास की प्रेरणा का केंद्र बन सकें। उन्होंने गांव की समस्या गांव में समाधान करने को ग्राम चौपाल लगाने के लिए दो माह का रोस्टर तैयार कर उन्हें आयोजित कर समस्या समाधान के निर्देश दिए। 

विकास कार्यों में कोई भी रोड़ा बनेगा, सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी: उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री ने सभी मुख्य विकास अधिकारी को कड़े निर्देश दिए कि इस प्रकार की शिकायतें संज्ञान में आई हैं कि जब कोई किसान गौ आश्रय स्थल पर गौवंश देने जाता है, तो परेशान होना पड़ता है, इस प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक पंचायत में 2 अमृत तालाबों का निर्माण करने और तालाब की शेष जमीन पर वृक्षारोपण कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार गांव, गरीब, किसान, मातृशक्ति और युवाओं के लिए योजना बना रही और क्रियान्वयन कर रही है, विकास कार्यों में कोई भी रोड़ा बनेगा, सरकार उसके विरुद्ध कड़ाई से पेश आएगी। उप मुख्यमंत्री ने अच्छा काम करने वाले ब्लॉक प्रमुखों और खण्ड विकास अधिकारियों को सम्मान पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया। 

इन की थी उपस्थिति 

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य  विजय शिवहरे, विधायक पुरूषोत्तम खण्डेलवाल, छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाहा, रानी पक्षालिका, जी.एस. धर्मेंश, पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिन्दर सिंह, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, मुख्य विकास अधिकारी ए. मनिकन्डन और मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के मुख्य विकास अधिकारी और ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा सहित मंडल के समस्त ब्लॉक प्रमुख और खण्ड विकास अधिकारी और ग्राम्य विकास के अधिकारी मौजूद रहे।