रायबरेली से प्रयागराज तक के फोर लेन के लिए डीपीआर का कार्य शीघ्र पूर्ण हो जाएगा: नितिन गडकरी

    Loading

    लखनऊ: केन्द्रीय मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) द्वारा ग्राम सकाढ़ा, निकट रोही चौराहा, कौशाम्बी में आयोजित कार्यक्रम में 2659 करोड़ रुपए धनराशि की लागत की 164 किमी लम्बे 6 राष्ट्रीय राजमार्गों का लोकार्पण/शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आज जसरा बाईपास का शिलान्यास हो रहा है, जसरा प्रयागराज (Prayagraj) से जुड़ा होने के कारण बहुत ही महत्वपूर्ण है। 125 करोड़ रुपए की लागत से 5 किमी लम्बाई का बाईपास बनाया जायेगा, इसी बाईपास के पास स्थित रेलवे क्रासिंग पर रेलवे ओवरब्रिज भी बनायी जायेगी, जसरा बाईपास का कार्य मई 2022 में शुरू हो जायेगा तथा बाईपास के बन जाने से ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान हो जायेगा एवं जसरा होकर चित्रकूट जाने वालों का समय भी बचेगा।  

    उन्होंने कहा कि राम वनगमन मार्ग का शिलान्यास किया जा रहा है, जिसके 3 पैकेज का शिलान्यास कल किया गया था और 2 पैकेज का शिलान्यास आज हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या से चित्रकूट तक 5 हजार करोड़ रुपए की लागत से 258 किमी. राम वनगमन मार्ग बनाया जा रहा है। यह निर्माण कार्य 2023 तक पूर्ण हो जायेगा। उन्होंने कहा कि श्रृंगी ऋषिधाम के पास गंगा नदी पर 6 लेन का पुल बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि राम बनगमन मार्ग अयोध्या से सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, कौशाम्बी, मोहनगंज, अवतारपुर, सूरतगंज, राजापुर, चित्रकूट होकर मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र की सीमा को जोड़ते हुए रामेश्वरम तक बनाया जायेगा। 

    7 ग्रीन फील्ड हाइवे बनाये जा रहे हैं

    केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि राम जानकी मार्ग बनाया जा रहा है।  जिसके तहत 213 किमी लम्बी राजमार्ग का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश में होगा तथा राजमार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने पर अयोध्या से जनकपुर तक का आवागमन सुगम हो जायेगा, इससे दर्शनार्थियों एवं पर्यटकों को सुगमता के साथ ही आर्थिक एवं सामाजिक विकास भी होगा। उन्होंने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध जहां-जहां गये हैं, उन सभी प्रमुख स्थलोंको जोड़ने के लिए 20 हजार करोड़ की लागत से 419 किमी लम्बी बौद्ध सर्किट की योजना बनायी गयी तथा यह योजना अधिकांश पूर्ण हो गयी है। यह दुनिया में पर्यटन का प्रमुख आकर्षण का केन्द्र बना है। इसमें कौशाम्बी भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 11 हजार करोड़ की लागत से 18 बाईपास का निर्माण किया जा रहा है तथा उत्तर प्रदेश में 7 ग्रीन फील्ड हाइवे बनाये जा रहे हैं। 

    यूपी का प्रथम डबल डेकर ब्रिज प्रयागराज में बनेगा

    उन्होंने कहा कि लखनऊ से कानपुर तक एक्सप्रेस-वे बनाये जाने का भूमि पूजन कल किया जा चुका है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि रायबरेली से प्रयागराज तक के फोरलेन के लिए डीपीआर का कार्य शुरू हो गया है, शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारम्भ हो जायेगा। उन्होंने कहा कि फाफामऊ, प्रयागराज में केबलसीट ब्रिज बनायी जायेगी। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश का प्रथम डबल डेकर ब्रिज प्रयागराज शहर में बनाये जाने की भी घोषणा की। उन्होंने अझुआ बाजार में सिंगल पिलर ब्रिज बनाने तथा कोखराज से हण्डिया दक्षिणी बाईपास बनाये जाने की घोषणा करते हुए कहा कि आगामी 6 माह के अन्दर कार्य शुरू हो जायेगा। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान एवं मजदूर का विकास करना हमारा लक्ष्य है एवं युवाओं को रोजगार देना तथा आत्मनिर्भर भारत बनाकर हिन्दुस्तान को दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बनाना हमारा सपना है।

    जीटी रोड के 6 लेन का निर्माण कार्य जारी

    कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री  ने कहा कि पूरे हिन्दुस्तान में सड़क की क्रान्ति लाने वाले केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी का कौशाम्बी की धरती पर प्रथम आगमन पर कौशाम्बीवासियों एवं प्रदेशवासियों की तरफ से हार्दिक अभिनन्दन किया। उन्होंने कहा कि गंगा जी के किनारे जितने भी घाट बने हैं, उन सभी घाटों को  केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी  के स्वीकृति के द्वारा ही बने हैं। कानपुर से आने वाले जीटी रोड के 6 लेन का निर्माण कार्य गडकरी के नेतृत्व में हो रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री ने कल श्रृगवेरपुर, प्रयागराज में अयोध्या से रामेश्वरम तक राम वनगमन मार्ग बनाये जाने की घोषणा की है।  उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों के पूर्ण हो जाने से आने वाले समय में कौशाम्बी एवं प्रयागराज में भी रोजगार की बरसात होगी। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले उत्तर प्रदेश में 6 हजार किमी राष्ट्रीय राजमार्ग था, जो अब बढ़कर 12 हजार किमी राष्ट्रीय राजमार्ग हो गया है। कार्यक्रम को सांसद विनोद सोनकर, संजय गुप्ता एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सम्बोधित किया।

    कई योजनाओं का किया लोकार्पण 

    केन्द्रीय मंत्री और उप मुख्यमंत्री द्वारा प्रयागराज जनपद के अन्तर्गत  76 करोड़ रुपए की लागत से 15 किमी लम्बाई की रामपुर से भड़ेवरा खण्ड का चौड़ीकरण और उन्नयन कार्य का लोकार्पण किया गया। इसी प्रकार भगवान श्रीराम वनगमन मार्ग के कौशाम्बी, फतेहपुर एवं चित्रकूट जनपद के अन्तर्गत 1200 करोड़ रुपए की लागत की 38 किमी की लम्बाई की बरनपुर, कादीपुर इचौली से रमपुरिया अवल खण्ड का फोरलेन चौड़ीकरण और उन्नयन कार्य का शिलान्यास एवं चित्रकूट जनपद के अन्तर्गत 900 करोड़ रुपए की लागत की 44 किमी की लम्बाई की रमपुरिया अवल से चकला राजरानी खण्ड का चौडीकरण व उन्नयन कार्य का शिलान्यास व चित्रकूट जनपद के अन्तर्गत 100 करोड़ की लागत से 18 किमी लम्बाई की राजपुर से रैपुरा खण्ड का चौडी़करण एवं उन्नयन तथा प्रयागराज और मिर्जापुर जनपद के अन्तर्गत 258 करोड़ रुपए की लागत से 44 किमी लम्बाई की भड़ेवरा से ड्रमडगंज खण्ड का चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य का शिलान्यास और प्रयागराज जनपद के अन्तर्गत 125 करोड़ रुपए की 5 किमी लम्बाई की आरओबी सहित जसरा बाईपास का निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। 

    इनकी रही उपस्थिति

    इस अवसर पर सांसद बांदा आर.के. पटेल, विधायकगण लाल बहादुर और शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल, अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर और भाजपा जिलाध्यक्षा अनीता त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधगण और जिलाधिकारी सुजीत कुमार और पुलिस अधीक्षक राधेश्याम विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।