दुर्गा शंकर मिश्रा होंगे उत्तर प्रदेश के अगले मुख्य सचिव, केंद्र सरकार ने नाम पर लगाई मुहर

    Loading

    लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले केंद्र सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। केंद्र सरकार ने दुर्गा शंकर मिश्रा को यूपी का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। सरकार ने इसको लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी है। वह मौजूदा मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी की जगह लेंगे।  

    1986 बैच के आईएएस अधिकारी मिश्रा वर्तमान में केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के सचिव पद पर नियुक्त है। इसी के साथ वह दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन के अध्यक्ष पर भी कार्यरत हैं। दुर्गा शंकर मिश्रा दो दिन के अंदर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश का मुख्य सचिव बनाए जाने पर उन्हें छह महीने का सेवा विस्तार दिया जाएगा।

    ज्ञात हो कि, उत्तर प्रदेश में 2022 के शुरुआती महीने में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव के पहले केंद्र सरकार का यह निर्णय बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। 

    दुर्गा शंकर मिश्रा का जीवन और शिक्षा 

    चार दिसंबर 1960 को जन्मे मिश्रा ने आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया हुआ है। इसी के साथ उन्होंने वेस्टर्न सिडनी विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय व्यापार में एमबीए की डिग्री भी हासिल की है। साथ ही उनके पास इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल स्टडीज, द हेग से पब्लिक पॉलिसी में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी है। इसके अलावा, मिश्रा के पास मानव संसाधन प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा है।

    उत्तर प्रदेश में कई सालों तक किया काम 

    केंद्रीय नियुक्ति के पहले दुर्गा शंकर मिश्रा ने यूपी में कई साल तक सेवा दी है। उन्होंने राज्य की प्रमुख सचिव (नियुक्ति और कार्मिक), सचिव (कर और पंजीकरण), सचिव (स्वास्थ्य और परिवार कल्याण), प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त और विकास निगम (एसडीसीएफसी), आगरा और सोनभद्र जिलों के जिला मजिस्ट्रेट और कलेक्टर, कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कानपुर के नगर आयुक्त के रूप में भी कार्य किया हुआ है।