Akhilesh Yadav
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ( फोटो क्रेडिट- @yadavakhilesh )

Loading

कन्नौज: समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कन्नौज लोकसभा सीट के लिये नामांकन दाखिल कर दिया। अखिलेश ने कन्नौज से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ सपा के प्रमुख महासचिव राम गोपाल यादव भी मौजूद थे। सपा ने इससे पहले मैनपुरी से पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव को कन्नौज लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। अखिलेश यादव 2000 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में पहली बार सांसद चुने गये थे। उसके बाद वह 2004 और 2009 में भी इसी सीट से सांसद रहे।

उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने के चलते 2012 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में अखिलेश की पत्नी डिंपल निर्विरोध चुनी गयी थीं। वर्ष 2014 के आम चुनाव में भी डिंपल ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि साल 2019 के चुनाव में वह भाजपा के सुब्रत पाठक से पराजित हो गयी थीं। अखिलेश यादव वर्तमान में करहल विधानसभा सीट से विधायक हैं और उप्र विधानसभा में नेता विपक्ष हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में वह करहल सीट से पहली बार विधायक बने थे। कन्नौज में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत आगामी 13 मई को मतदान होगा। इस सीट के लिये नामांकन गुरुवार 25 अप्रैल को शुरू होंगे।

यूपी की 8 सीटों पर कांटे की टक्कर

बता दें कि उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को मतदान होगा। इस चरण में इन सीटों पर मुख्य रूप से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन, विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस और बहुजन समाज पार्टी के बीच मुकाबला होने की सम्भावना है। राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक उत्तर प्रदेश की जिन आठ सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा उनमें अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा शामिल हैं। इन लोकसभा क्षेत्रों में करीब एक करोड़ 67 लाख मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के पात्र हैं। इनमें 90.11 लाख पुरुष, 77.38 लाख महिला और 787 अन्य मतदाता हैं।

इस चरण के चुनाव के लिये कुल 7,797 मतदान केंद्र और 17,677 मतदान स्थल बनाये गये हैं। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में मेरठ से अरुण गोविल की प्रतिष्ठा दांव पर है। भाजपा ने उनके पैतृक क्षेत्र मेरठ से उम्मीदवार बनाया है। अमरोहा से कांग्रेस के दानिश अली, गाजियाबाद से भाजपा के अतुल गर्ग और गौतम बुद्ध नगर सीट से महेश शर्मा भी लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रमुख प्रत्याशी हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिये उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर राजग, विपक्षी गठबंधन इंडिया और बसपा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं।