जापान में ओलंपिक मशाल पर महिला ने फेंका पानी, की थी मशाल बुझाने की कोशिश, हुई गिरफ्तार

    Loading

    जापान : जापान के टोक्यो में कोरोना के साये के बीच ओलंपिक की तैयारियां चल रही हैं। इसी बीच जापान के ही एक शहर में एक शर्मनाक घटना सामने आई है जहां एक महिला ने ओलंपिक मशाल को पानी से बुझाने की कोशिश की है। हालांकि वह मौके पर ही गिरफ्तार कर ली गई। 

    महिला ने लगाया नारा, कहा ओलंपिक बंद करो 

    दरअसल, डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना जापान के इबारकी शहर के मिटो नामक जगह पर हुई है। यहां ओलंपिक मशाल को लेकर निकल रही एक रैली में यह महिला कहीं से आ गई। इसके बाद महिला ने पानी भरी हुई एक छोटी सी बंदूक से मशाल को बुझाने की कोशिश की। इस दौरान महिला नारे भी लगा रही थी। महिला कह रही थी कि ओलंपिक बंद करो, खेल बंद करो. इसके बाद महिला मशाल पर पानी फेंकने लगी। हालांकि महिला की कोशिश के बाद भी मशाल की लौ नहीं बुझी।मौके पर ही मौजूद सुरक्षा अधिकारियों ने महिला को रोका और उसे हिरासत में ले लिया। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस 53 वर्षीय आरोपी महिला का नाम कायोको ताकाहाशी है।    

    महिला ने की अपनी गलती स्वीकार                                                                                                                  

    पुलिस ने महिला पर आरोप लगाया गया है कि वो जानबूझकर धावक को निशाना बना रही थी और रिले में हस्तक्षेप कर रही थी। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया है कि महिला ने अपनी गलती स्वीकार की है। यह भी बताया गया कि इस घटना की वजह से मशाल रैली में कोई देरी नहीं हुई है।

    बता दें कि कोरोना के चलते टोक्यो ओलंपिक की तैयारियों में काफी सतर्कता बरती जा रही है। आयोजकों को विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। इससे पहले कोरोना के डर के ही चलते ओलंपिक मशाल रिले के कुछ चरणों को जापान की राजधानी की सड़कों से हटा लिया गया था।