Woman Throws Hot Water on Boy, Russia

Loading

नई दिल्ली. दुनियाभर में कई अजीबो-गरीब घटनाओं के वायरल वीडियो सामने आते रहते हैं, जिसे देखने बाद बेहद हैरानी होती है और उस पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। ऐसा ही एक वीडियो रूस में सामने आया, जहां एक शख्स को एक पार्टी में किए गए मज़ाक का गंभीर परिणाम भुगतना पड़ा, जब एक गुस्साई महिला ने उसके चेहरे पर खौलता पानी फेंक दिया। शख्स की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।वहीं, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

दरअसल, यह घटना रविवार को चेल्याबिंस्क में हुई जहां कुछ लोगों ने एक हाउस पार्टी का आयोजन किया था। यहां मौजूद लोगों में से एक ने शरारत करने का फैसला किया और रसोई के अंदर एक धुआं बम फेंक दिया जहां एक महिला खाना बना रही थी। इस हरकत से गुस्साई महिला धुएं से भरी रसोई से उबलते पानी का बर्तन लेकर बाहर निकली और खौलता पानी धुआं बम फेंकने वाले शख्स के मुंह पर फेंक दिया। जिससे शख्स काफी तड़पने लगा, इसके तुरंत बाद उसे अस्पताल में भर्ती किया गया।

महिला ने जिस शख्स पर खौलता पानी फेंका, वह उस घर का मालिक बताया जा रहा है जहां पार्टी का आयोजन किया गया था। शख्स की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसका चेहरा पूरी तरह जल गया है। वह डॉक्टरों की निगरानी में है।

बता दें कि इस घटना से पहले भी पड़ोसियों ने हाउस पार्टी में बहुत शोर होने की शिकायत की थी लेकिन पार्टी में मग्न लोगों ने उनकी एक न सुनी। इसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया। जिसके बाद पुलिस ने उन पर जुर्माना लगाया और चली गई। हालांकि, इस घटना के बाद पुलिस फिर से मौके पर पहुंची और इस घटना के संबंध में पार्टी में आए सभी लोगों से पूछताछ की। पुलिस आगे की जांच कर रही है।