asian-cup-table-tennis-manika-batra-created-history-in-asia-cup-became-first-indian-woman-to-win-bronze-medal

    Loading

    नई दिल्ली: स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा (Manika Batra) ने एशियाई कप टेबल टेनिस टूर्नामेंट (Asian Cup Table Tennis) में इतिहास रचा है। उन्होंने एशिया कप टेबल टेनिस में कांस्य पदक (Bronze Medal) अपने नाम कर लिया है। उन्होंने कांस्य पदक (Bronze Medal) मैच में हिना हयाता को 4-2 से हराया। हिना हयाता की रैंकिंग छह है। हिना हयाता तीन बार इस इस टूर्नामेंट को जीत चुकी हैं।

    वहीं, मनिका बत्रा (Manika Batra) ने इस खिलाड़ी को हराकर भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। मनिका एक करोड़ 63 लाख रुपये की इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट के अंतिम चार में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला थीं। शनिवार को सेमीफाइनल में जापान की चौथी वरीय मीमा इतो ने मनिका को हराया था। गैर वरीयता प्राप्त मनिका इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। उन्हें मीमा इतो से 8-11 11-7 7-11 6-11 11-8 7-11 (2-4) से हार का सामना करना पड़ा। 

    विश्व रैंकिंग में 44वें नंबर की मनिका ने क्वार्टर फाइनल में चीनी ताइपे की अपने से बेहतर रैंकिंग की चेन सू यू को 4-3 से हराया था।मनिका एशियाई कप के 39 साल के इतिहास में भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का रिकॉर्ड अपने नाम सुनिश्चित कर चुकी हैं। इससे पहले 2015 में अचंता शरत कमल और 2019 में जी साथियान छठे स्थान पर रहे थे।

    इस शीर्ष भारतीय खिलाड़ी ने इससे पहले चीन की दुनिया में सातवें नंबर की चेन जिंगटोंग को उलटफेर का शिकार बनाया था। इस दो लाख डॉलर इनामी प्रतियोगिता में विश्व रैंकिंग और क्वालिफिकेशन के आधार पर महाद्वीप के पुरुष और महिला वर्ग में चोटी के 16 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।