जिसके साथ की पहली फिल्म, उसी को बनाया जीवनसाथी, ऐसी है एक्ट्रेस पत्रलेखा की कहानी

Photo Credit - @patralekhaa Instagram

    Loading

    मुंबई, बॉलीवुड की फिल्म ‘सिटीलाइट’ (CityLights) से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने वाली एक्ट्रेस पत्रलेखा (Patralekha Birthday Special) आज अपना 33वां जन्मदिन मना रही है। पत्रलेखा ने अपनी पहली ही फिल्म से लोगों का दिल जीत लिया था। बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव (Rajkumar Rao) के साथ लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद पत्रलेखा ने नवंबर 2021 में एक्टर संग शादी रचाई।

    खास बात यह कि, पत्रलेखा (Patralekha) अपनी पहली फिल्म में अपने पति राजकुमार राव के साथ नज़र आ चुकी है। पत्रलेखा ने अपनी दमदार एक्टिंग से फैंस के दिल में जगह बना ली। तो आइये आज पत्रलेखा के जन्मदिन पर जानते हैं उनके बारे में कुछ खास बातें…

    पत्रलेखा (Patralekha) का जन्म 20 फरवरी 1989 में मेघालय के शिलांग में हुआ था। इनके पिता चार्टेड अकाउंटेंट हैं, वह चाहते थे कि उनकी बेटी भी इसी प्रोफेशन में आगे जाये। लेकिन पत्रलेखा को एक्टिंग करने का शौक था, जिसके चलते वह मुंबई आ गयीं। पत्रलेखा ने बैरी जॉन एक्टिंग एकेडमी से एक्टिंग सीखी है।

    पत्रलेखा (Patralekha) ने साल 2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘सिटीलाइट्स’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। डायरेक्ट हंसल मेहता के निर्देशन में बनी फिल्म में पत्रलेखा के साथ राजकुमार राव नज़र आये थे। फिल्म को क्रिटिकली बेहद पसंद किया गया। अपनी पहली ही फिल्म के लिए पत्रलेखा को ‘बेस्ट फीमेल डेब्यू’ का अवॉर्ड भी मिला था।

    पत्रलेखा (Patralekha) एक बेहतरीन एक्ट्रेस होने के साथ ही ट्रेंड क्लासिकल डांसर भी हैं। उन्होंने बचपन में भरतनाट्यम की क्लासेस ली थीं। वहीं, एक्टिंग और डांसिंग के अलावा पत्रलेखा स्पोर्ट्स में भी काफी अच्छी हैं। पत्रलेखा स्विमिंग, घुड़सवारी, बास्केटबॉल जैसे स्पोर्ट्स खेलना पसंद करती हैं। 

    फिल्म ‘सिटीलाइट्स’ के बाद पत्रलेखा ‘लव गेम्स’ और ‘नानू की जानू’ में भी नजर आ चुकी हैं। पत्रलेखा ने 15 नवंबर 2021 को अपने बॉयफ्रेंड राजकुमार राव के साथ शादी रचाई। 11 साल रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों शादी के बंधन में बंध गए।