salman-khan

Loading

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर के बाहर रविवार को फायरिंग करने वाले दो आरोपी अब पकड़े गए है। जानकारी के मुताबिक बीते सोमवार देर रात मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने गुजरात के भुज से दोनों आरोपियों को अरेस्ट किया है। वहीं, मंगलवार सुबह पुलिस दोनों आरोपियों को मुंबई लेकर आई। मुंबई एयरपोर्ट से दोनों आरोपियों का वीडियो सामने आया है।

इस वीडियो में दोनों आरोपियों के चेहरों को काले कपड़े से ढका है। दोनों आरोपियों के चारों तरफ कड़ी सुरक्षा मौजूद है। हर तरफ पुलिस नजर आ रहे हैं। पुलिस की निगरानी में दोनों आरोपियों को गाड़ी में बिठाकर ले जा रहे हैं। बता दें कि जांच के लिए दोनों को मुंबई के जीटी अस्पताल ले जाया जा रहा है। इसके बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बता दें कि दोनों आरोपियों की पहचान विक्की साहेब गुप्ता और सागर श्री जोगेंद्र पाल के तौर पर हुई है, जो बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने जिस पिस्तौल से फायरिंग की थी, उसे सूरत की नदी में फेंक दिया था। इस घटना के बाद सलमान खान के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने ली है। अनमोल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि हम अमन चाहते हैं। जुल्म के खिलाफ फैसला अगर जंग से हो तो जंग ही सही।

सलमान खान हमने ये तुम्हें सिर्फ ट्रेलर दिखाने के लिए किया है, ताकि तुम समझ जाओ हमारी ताकत को और मत परखो। यह पहली और आखरी वार्निंग है। इसके बाद गोलियां खाली घर पर नहीं चलेगी। हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की है।

मार्च 2023 में लॉरेंस से धमकी मिलने के बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है।