ravan

    Loading

    नयी दिल्ली/मुंबई.  कुछ दिनों पहले ही टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में नट्टू काका का किरदार निभाने वाले अभिनेता घनश्याम नायक के निधन की दुखद खबर सबके सामने आई थी। लेकिन अब इसके बाद मनोरंजन जगत से एक और बुरी खबर सबके लिए सामने आई है। ख़बरों के मुताबिक रामानंद सागर (Ramanand Sagar) के पौराणिक टीवी शो ‘रामायण’ (Ramayan) में रावण का किरदार निभाने वाले लोकप्रिय अभिनेता अरविंद त्रिवेदी (Arvind Trivedi) ने भी अब इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।

    हार्ट अटैक से हुआ निधन

    वहीं कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 82 वर्षीय अरविंद त्रिवेदी का बीते मंगलवार (05 अक्टूबर) की रात को उनका हार्टअटैक से निधन हो गया। पता हो की वे  बीते लंबे वक्त से अरविंद उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। वहीं वो पिछले कुछ वक्त से चलने में भी पूरी तरह असमर्थ हो गए थे। 

    रामायण के ‘लक्ष्मण’ ने किया ट्वीट

    इधर इस दुखद घटना के बाद रामायण में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले अभिनेता सुनील लहरी ने अरविंद के निधन पर अपना शोक जाहिर किया है। जी हाँ सुनील ने ट्विटर पर लिखा कि, “बहुत दुखद समाचार है कि हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई अब हमारे बीच नहीं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मैंने अपने पिता समान, मेरे गाइड और बेहतरीन इंसान को खो दिया।”  वहीं सुनील लहरी के अलावा भी और भी कई सेलेब्स और फैन्स ने अरविंद को सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है।

    करीब 300 फिल्मों में किया था काम

    गौरतलब है कि अरविंद त्रिवेदी एक ओर जहां रामानंद सागर की रामायण में रावण बनकर दर्शकों का दिल तो जीता ही था। वहीं उन्होंने कई गुजराती फिल्मों में भी अपनी बेहतरीन अदाकारी से अपने लिए एक बड़ा और सम्मानजनक मुकाम बनाया था। उन्होंने गुजराती सिनेमा में करीब 40 साल तक का अपना सफल योगदान दिया। इसके साथ ही टीवी शो विक्रम और बेताल के लिए भी उन्हें लोग बखूबी जानते हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक अरविंद ने हिंदी और गुजराती फिल्मों को मिलाकर करीब 300 फिल्मों में काम किया था। अरविंद, रामायण में अपने ‘रावण’के किरदार के चलते जनमानस के स्मृतिपटल पर हमेशा के लिए चिन्हित हो गए हैं।