
नई दिल्ली: देश की राजधानी में नाबालिग के मर्डर का सनसनीखेज सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में साहिल नाम के एक शख्स ने 16 की लड़की साक्षी की चाकू और पत्थरों से हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि कहासुनी होने पर एक शख्स लड़की को गली में रोकता है और फिर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर देता है।
पहले रोका फिर की हत्या
मामला दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी पुलिस थाना इलाके का है। जानकारी के मुताबिक, एक मुखबिर ने पुलिस स्टाफ को लड़की पर हमले की सूचना दी और तुरंत घटनास्थल पर आने को कहा। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पता चला कि नाबालिग लड़की गली से गुजर रही थी और अचानक एक लड़के ने उसे रोका और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे भी मन नहीं भरा तो आरोपी ने पत्थर से हमला किया। आरोपी ने लड़की पर एक बाद एक तकरीबन 40 बार चाकू से वार किया। लड़की लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़ी तो उसने एक भारी पत्थर उठाया और लड़की के सिर को उससे कुचल डाला।
प्रेम- प्रसंग का मामला
पुलिस पड़ताल में मृतका की पहचान 16 साल की साक्षी और आरोपी की पहचान साहिल पुत्र सरफराज के रूप में हुई। नाबालिग लड़की ई-36 जेजे कॉलोनी के रहने वाले जनकराज की बेटी थी। पुलिस ने बताया कि साहिल और साक्षी रिलेशनशिप में थे लेकिन, रविवार को उनका झगड़ा हो गया था।