modi
Pic: ANI

    Loading

    नई दिल्ली. आज जहां भारत समेत दुनियाभर में 8वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International yoga day 2022) जोर शोर से मनाया जा रहा। वहीँ इस ख़ास मौके पर PM  नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) कर्नाटक के मैसुरु पैलेस ग्राउंड में योग दिवस मनाने पहुंचे थे। वहां उन्होंने करीब 15 हजार लोगों के साथ योग किया। इसके साथ ही आज PM मोदी ने योग की शुरुआत ताड़ासन, त्रिकोणासन, भद्रासन जैसे आसनों से की। इस ख़ास मौके पर PM मोदी ने कहा कि, योग अब वैश्विक पर्व बन गया है। यह अब ‘पार्ट ऑफ लाइफ’ नहीं, बल्कि ‘वे ऑफ लाइफ’ भी बन गया है।

    क्या कहा PM मोदी ने 

    उन्होंने कहा, “पूरे ब्रह्मांड की शुरुआत हमारे अपने शरीर और आत्मा से होती है। ब्रह्मांड की शुरुआत हमसे ही होती है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि योग शरीर की हर चीज के प्रति जागरूक बनाता है और जागरूकता का एक भाव पैदा करता है। उन्होंने कहा, “योग हमारे लिए शांति लाता है। योग से शांति केवल लोगों को नहीं मिलती, योग हमारे समाज में भी शांति लाता है। योग हमारे राष्ट्रों और विश्व में शांति लाता है और योग हमारे ब्रह्मांड में शांति लाता है।”  

    PM मोदी ने कहा कि भारतीय सभ्यता व संस्कृति की अद्भुत धरोहर योग आज दुनियाभर के लोगों के लिए जीवन का हिस्सा ही नहीं है, बल्कि अब वह जीवन जीने की पद्धति बन रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि योग आज ना सिर्फ विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रहा है, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए एक वैश्विक पर्व बन गया है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक योग घरों और आध्यात्मिक केंद्रों तक सीमित था, लेकिन अब यह विश्व के कोने-कोने तक पहुंच गया है।

    उन्होंने ये भी कहा कि , “भारत के आध्यात्मिक केंद्रों ने जिस योग-ऊर्जा को सदियों से पोषित किया, आज वह योग ऊर्जा विश्व स्वास्थ्य को दिशा दे रही है। आज योग वैश्विक सहयोग का पारस्परिक आधार बन रहा है। आज योग मानव मात्र को निरोग जीवन का विश्वास दे रहा है।” 

    ITBP के जवानों ने भी  किय योग 

    इधर योग दिवस शुरू होते ही लद्दाख से लेकर छत्तीसगढ़ और असम के गुवाहाटी से लेकर सिक्किम तक ITBP के जवानों ने भी आज योग किया। जवानों ने सूर्य नमस्कार कर योग दिवस मनाया। इस शानदार मौके के लिए ITBP जवान ने एक मनभावन गीत भी तैयार किया है।  

    इन ख़ास लोगों और बड़े नेताओं ने भी मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

    योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और मैसुरु शाही परिवार के यदुवीर कृष्णदत्ता चामराजा वडियार और ‘‘राजमाता” प्रमोदा देवी सहित कई अन्य गणमान्य हस्तियां उपस्थित थीं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत 2015 में हुई थी। हर वर्ष 21 जून को दुनिया भर में इसे मनाया जाता है। इस वर्ष के योग दिवस का विषय “मानवता के लिए योग” है।

    21 जून को ही क्यों होता है योग दिवस

    बता दें कि, 21 जून को योग दिवस मनाने की मुख्य वजह ये है कि इस दिन उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन होता है। इसे दुसरे शब्दों में, ग्रीष्म संक्रांति भी कहते हैं। वहीं ख़ास इंडियन ट्रेडिशन की मानें तो, ग्रीष्म संक्रांति के बाद सूर्य दक्षिणायन होता है। साथ ही आज के दिन योग करने से लोगों की आयु भी लंबी होती है। इसी को देखते हुए अब हर साल 21 जून को ही योग दिवस मनाया जाता है।