प्रेमानंद महाराज की अचानक बिगड़ी तबीयत, रामकृष्ण मिशन अस्पताल में कराया गया भर्ती

Loading

वृंदावन: वृंदावन (Vrindavan) के राधावल्लभीय संप्रदाय के संत प्रेमानंद (Premanand Maharaj) की शुक्रवार (12 अप्रैल) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सीने में दर्द की शिकायत के बाद उनके शिष्यों ने उन्हें रामकृष्ण मिशन अस्पताल में एडमिट किया है। जहां डॉक्टरों की टीम संत प्रेमानंद का गहन परीक्षण कर रही है।

जागरण के खबर के अनुसार, संत प्रेमानंद की शुक्रवार की शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। उनके अनुयायी ने उन्हें शाम को रामकृष्ण मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे। उन्हें एडमिट करने के बाद डॉक्टरों की टीम ने प्रेमानंद का परीक्षण शुरू कर दिया। अस्पताल के कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. अमित कुमार गुप्ता ने उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया। उनका ईको कराया। रिपोर्ट सामान्य आने पर कुछ समय बाद उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

रामकृष्ण मिशन अस्पताल के सह सचिव स्वामी कालीकृष्णानंद महाराज ने संत प्रेमानंद के स्वास्थ्य के बारें में जानकारी देते हुए कहा कि सीने में दर्द की शिकायत होने पर संत प्रेमानंद को अस्पताल उनके शिष्यजनों द्वारा लाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने उनका ईको और जांच कराई गई। रिपोर्ट नॉर्मल आई है। इसके बाद कुछ समय बाद उनको अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

जानकारी के लिए बता दें कि वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज की दोनों किडनी खराब हैं। उनकी उनके ही आश्रम पर डायलेसिस भी होती रहती है। संत प्रेमानंद रात दो बजे वे अपने निज आवास श्रीकृष्ण शरणम् से पैदल ही रमणरेती स्थित श्रीहित राधाकेलि कुंज आश्रम पहुंचते हैं और राधारानी की आराधना के साथ ही भक्तों को सदमार्ग पर चलने का संदेश देते हैं। श्रद्धालुओं को दर्शन देने के साथ आध्यात्मिक प्रवचन भी करते हैं। संत प्रेमानंद के दर्शन के लिए रात एक बजे से ही सड़क पर हजारों श्रद्धालु उमड़ते हैं।