Yogendra Yadav
File Photo

    Loading

    नई दिल्ली: समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, योगेंद्र यादव (Yogendra Yadav) ने संयुक्त किसान मोर्चा (Samyukt Kisan Morcha) की कॉर्डिनेशन कमेटी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पत्र लिखते हुए कहा कि, सभी जनांदोलनों और विपक्षी राजनीतिक दलों के बीच समन्वय की अपनी प्राथमिकता को देखते हुए उन्हें संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की कॉर्डिनेशन कमेटी की जिम्मेवारी से मुक्त किया जाए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि, जय किसान आंदोलन का सदस्य होने के नाते वह संयुक्त किसान मोर्चा के सिपाही बने रहेंगे। 

    उल्लेखनीय है कि, इससे पहले 31  अगस्त को योगेंद्र यादव ने एक जूम मीटिंग के दौरान साफ कर दिया था कि,वे आगे संयुक्त किसान मोर्चा की कॉर्डिनेशन कमेटी के सदस्य की जिम्मेदारी नहीं निभा पाएंगे। यादव ने कहा था कि, पिछले कुछ समय से उन्हें महसूस हो रहा है कि किसान विरोधी मोदी सरकार का मुकाबला करने के लिए यह जरूरी है। जमीन पर चल रहे सभी जन आंदोलनों और इस सरकार की नीतियों के खिलाफ खड़े विपक्षी राजनीतिक दलों की ऊर्जा को जोड़ा जाए। 

    अन्य राजनीतिक दलों के साथ समन्वय की कोशिश

    यादव ने कहा कि, वह किसान आंदोलन के साथ-साथ अन्य आंदोलनों से भी संपर्क में हैं। अपनी पार्टी “स्वराज इंडिया” के साथ-साथ अन्य राजनीतिक दलों के साथ समन्वय की कोशिश में भी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई है कि इन कोशिशों से किसान आंदोलन के हाथ और ज्यादा मजबूत होंगे। 

    ‘सिपाही की तरह करता रहूंगा काम’

    योगेंद्र यादव ने कहा कि, “जय किसान आंदोलन” का सदस्य होने के नाते वह संयुक्त किसान मोर्चा के सिपाही बने रहेंगे। मोर्चे द्वारा तय किसी भी कार्यक्रम में पूरा सहयोग देंगे। उनका कहना है कि कॉर्डिनेशन कमेटी का सदस्य होना उनके लिए बहुत बड़ा गौरव रहा है।