पंकजा का फडणवीस के नाम से परहेज, बोलीं-“बिहार की सफलता मोदी नेतृत्व की जीत”

Loading

मुंबई. बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के बाद, राज्य के अधिकांश नेताओं ने इस जीत को विपक्ष के नेता और बिहार के प्रभारी देवेंद्र फडणवीस की रणनीति की जीत बताया है। शिवसेना सांसद संजय राउत ने भी देवेंद्र फडणवीस की प्रशंसा की है। हालांकि, भाजपा की राष्ट्रीय नेता और पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे ने फडणवीस के नाम से परहेज करते हुए बिहार चुनाव की सफलता को मोदी के नेतृत्व की जीत बताया है।

पंकजा मुंडे ने ट्वीट कर बिहार विधानसभा और मध्य प्रदेश उपचुनाव में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनकी जीत पर बधाई दी। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “बिहार विधानसभा और विभिन्न राज्यों के उपचुनावों में, देश की जनता ने एक बार फिर सुशासन, विकास और प्रगति की राजनीति को अपनाया है।” पंकजा ने कहा कि, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की रणनीति की जीत है। साथ ही पंकजा ने गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी।

गौरतलब है कि, बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और संयुक्त जनता दल ने बहुमत हासिल किया है। मतगणना की शुरुआत में पिछड़ गई भाजपा ने फिर रफ़्तार पकड़ी। पिछले चुनाव में तीसरे स्थान पर रही भाजपा इस साल दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। भाजपा नेता प्रसाद लाड ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस को दिया है। 

उसके बाद, अब विधायक नितेश राणे ने भी ट्वीट किया कि, “बिहार चुनाव की सफलता देवेंद्र फडणवीस की वजह से है।” विशेष बात यह है कि शिवसेना के संजय राउत ने भी फडणवीस को बधाई दी है। हालांकि, भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने अपने ट्वीट में देवेंद्र फड़नवीस का उल्लेख करने से परहेज किया।