Rohit Sharma's return to form is a good sign for Mumbai indians Ravi Shastri

Loading

नयी दिल्ली: भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) का मानना है कि रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का फॉर्म में लौटना पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के लिये अच्छा संकेत है। मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर तीन मैचों में पहली जीत दर्ज की। दिल्ली ने 172 रन बनाये जिसके जवाब में मुंबई ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की।

रोहित ने 65 रन बनाये जो 24 पारियों के बाद उनका पहला अर्धशतक है। शास्त्री ने स्टार स्पोटर्स से कहा ,‘‘ रोहित शर्मा ने दिल्ली के खिलाफ दबाव का बखूबी सामना किया। उन्होंने मोर्चे से अगुवाई की। उनका फॉर्म में लौटना उनके और टीम के लिये अच्छा है।”

उन्होंने कहा ,‘‘ इस जीत से आगे के मैचों के लिये मुंबई का आत्मविश्वास बढेगा।” इस बीच महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर चाहते हैं कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आयें। चेन्नई को बुधवार को राजस्थान रॉयल्स से खेलना है जो बतौर कप्तान धोनी का 200वां मैच है।

गावस्कर ने कहा ,‘‘ मुझे उम्मीद है कि धोनी बल्लेबाजी क्रम में ऊपर आयेंगे ताकि उन्हें दो तीन ओवर अधिक खेलने को मिले। वह बड़ी पारियां खेलने में माहिर हैं।” (एजेंसी)