celebrating the remarkable milestone of clinching 100 medals in the Asian Games.

Loading

नवभारत स्पोर्ट्स डेस्क: एशियाई खेलों (Asian Games 2023) में भारत का अभियान खत्म हो चुका है। इस बार एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। एशियन गेम्स 2023 में भारत ने 107 मेडल जीते। एशियाई खेलों के इतिहास में भारत ने पहली बार 100 से अधिक पदकों का आंकड़ा पार किया है। इनमें 28 गोल्ड के अलावा 38 सिल्वर और 41 ब्रॉन्ज मेडल जीते। 

ऐसा रहा भारत का प्रदर्शन

एशियाई खेलों के पहले दिन भारतीय एथलीट ने 5 मेडल जीतकर शानदार आगाज किया था। इसके बाद भारत ने 6 मेडल अपने नाम किए। जबकि उसके बाद तीसरे, चौथे और पांचवें दिन भारत ने क्रमशः 3, 8 और 3 पदक जीते। इसके बाद छठे, सातवें, आठवें और नौवें दिन क्रमशः 8, 5, 15 और 7 मेडल जीते। भारतीय खिलाड़ियों ने दसवें दिन 9, ग्यारहवें दिन 12, बारहवें दिन 5 पदक, तेरहवें दिन 9 मैडल और चौदहवें दिन 12 मेडल अपने नाम किए।

एशियाई खेल में पदक 

इससे पहले एशियन गेम्स 2023 में भारत ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया। हालांकि, इस गेम्स में चीन का दबदबा देखने को मिला। चीन ने 194 गोल्ड समेत 368 मेडल जीते। वहीं,दूसरे नंबर पर रहे जपान 48 गोल्ड समेत 177 मेडल अपने नाम किए। जबकि साउथ कोरिया 39 गोल्ड मेडल के साथ तीसरे नंबर रहा। वहीं, मेडल टैली में भारत चौथे स्थान पर रहेगा। 1962 के जकार्ता एशियाई खेल के बाद से यह हमारा अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्थान है, जहां हम तीसरे स्थान पर रहे थे।

PM मोदी ने दी बधाई 

एशियाई खेलों में भारत के सौ पदक पूरे होने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह भारतीय दल का 10 अक्टूबर को स्वागत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया ,‘‘हर अद्भुत प्रदर्शन ने इतिहास रचा और हमारा ह्रदय गर्व से भर दिया। मैं दस अक्टूबर को हमारे एशियाई खेलों के दल का स्वागत करूंगा और खिलाड़ियों से बात करूंगा।”

एशियाई खेलों में 100 पदक जीतना उल्लेखनीय उपलब्धि

उन्होंने कहा कि भारत के लोग रोमांचित हैं कि हमने 100 पदकों की उपलब्धि हासिल की।  उन्होंने कहा ,‘‘एशियाई खेलों में भारत के लिये महत्वपूर्ण उपलब्धि । मैं हमारे शानदार खिलाड़ियों को बधाई देता हूं जिनके प्रयासों से भारत ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।”

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एशियाई खेलों में भारत के 100 पदक जीतने पर भारतीय खिलाड़ियों को शनिवार को बधाई दी और कहा कि उनकी इस उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है।  खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “एशियाई खेलों में 100 पदक जीतना उल्लेखनीय उपलब्धि है। भारतीय खिलाड़ी अपने अभूतपूर्व प्रदर्शन के लिए सभी प्रशंसा और अभिनंदन के पात्र हैं। यह हमारे एथलीट की कड़ी मेहनत और प्रतिभा को सलाम है।” उन्होंने कहा, “हमें उनकी प्रतिभा पर बहुत गर्व है तथा हम भविष्य में उनकी और भी जीत की कामना करते हैं। जय हिन्द।”