Naxalites
File Photo

Loading

गडचिरोली. लोकसभा चुनाव के पहले सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले के कोरचोली इलाके में मंगलवार को पुलिस नक्सली मुठभेड़ में 9 नक्सली मारे गए हैं। आज सुबह 6 बजे से ही सुरक्षा बलों की नक्सलियों से मुठभेड़ चल रही थी। इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को आठ नक्सलियों के शव मिले हैं।

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यह अनुमान लगाया गया था कि नक्सली बड़ा हमला करेंगे। जिसके चलते सुरक्षा बलों की ओर से नक्सल प्रभावित इलाकों में सर्च ऑप्रेशन चलाया गया। जवानों को मौके से एक एसएलआर, बड़ी संख्या में बीएलजी लॉन्चर और अन्य घातक हथियार मिले हैं।

इससे पहले बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 4 नक्सली मारे जाने की खबर थी।

अधिकारियों ने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सोमवार को सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। दल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे।

अधिकारियों ने बताया कि दल जब लेंड्रा गांव के जंगल में था तब आज सुबह लगभग छह बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें 9 नक्सली मारे गए हैं। साथ ही घटनास्थल से एक स्वचालित लाइट मशीन गन (एलएमजी), ‘बैरल ग्रेनेड लॉन्चर’ और अन्य हथियार बरामद किए गए।

अधिकारीयों ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के साथ, इस वर्ष अब तक बीजापुर जिले सहित बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में 37 नक्सली मारे जा चुके हैं। सुकमा जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र में है जहां 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा। (एजेंसी इनपुट के साथ)