Delhi Yamuna Bridge
Delhi Yamuna Bridge

Loading

नई दिल्ली. जहां बीते केंद्रीय जल आयोग ने एक बार फिर यमुना का जलस्तर बढ़ने की चेतावनी दी थी। वहीं बीते गुरुवार को जलस्तर खतरे के निशान (205.33मी) से नीचे आने पर राहत की सांस ली गई थी। लेकिन अब एक बार फिर यमुना नदी का जलस्तर (Yamuna Water Level) बढ़ गया है।

देखा जाए तो दिल्ली में यमुना ने खतरे के निशान को पार करने के मामले में हैट्रिक लगाया है। बीते शुक्रवार शाम को करीब 6 बजे तीसरी बार यमुना का जलस्तर 205.38 मीटर के पार पहुंच गया है, जिससे यमुना के आस पास रहने वाले लोगों की चिंता बढ गई है। वहीं बाढ़ प्रभावित लोग अभी अपने बचे खुचे सामान ठीक से सुखा भी नहीं पाए हैं कि इनके सर पर फिर से बाढ़ का खतरा मंड़राने लगा है। 

इसके साथ ही करीब एक हफ्ते से जलमग्न राजघाट परिसर से शुक्रवार को ही पानी निकाला गया है। पानी बढ़ने पर यमुना के करीब स्थित इस गहरी जगह पर फिर से पानी भरने का खतरा है।

गौरतलब है कि, बीती रात 10:00 बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना नदी का जलस्तर 205.48 मीटर दर्ज किया गया। इसके पहले शुक्रवार रात आठ बजे जलस्तर एक बार फिर खतरे के निशान को पार किया था।

वहीं केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बीते 11 जुलाई 2023 को हथनी कुंड बैराज से प्रति घंटा पानी का डिस्चार्ज लगभग 3,60,000 क्यूसेक था जो आज शाम 07:00 बजे तक 29,973 क्यूसेक रिकार्ड किया गया है।

इधर दिल्ली में बाढ़ और जल जमाव के कारण अब मच्छर जनित बीमारियों का खतरा और भी बढ़ गया है और इस स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली नगर निगम युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। वहीं अब बाढ़ और जल जमाव के कारण इस साल दिल्ली में डेंगू का खतरा ज्यादा है। बाढ़ राहत शिविरों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा रही है।