Delhi weather
(डिजाइन फोटो)

Loading

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली (Delhi) में कड़ाके की ठंड की स्थिति बरकरार है, जहां अधिकतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री नीचे 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड (Cold) के बीच अब दिल्ली की हवा में प्रदुषण (Air Pollution) का प्रभाव बढ़ने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ती दिखाई दे रही है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) रात आठ बजे 405 अंक दर्ज किया गया जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

दिल्ली में मौसम का हाल 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, दिन की शुरुआत में कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली जिसमें न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बताया जा रहा है की दिल्ली में बृहस्पतिवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

13 वर्षों का टुटा रिकॉर्ड 

मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में जनवरी में अब तक पांच शीत दिवस और पांच शीत लहर वाले दिन अनुभव किए गए हैं जो पिछले 13 वर्षों में सबसे अधिक है।

परिवहन प्रभावित 

आईएमडी ने बताया कि घने कोहरे के पूर्वानुमान के कारण दिल्ली में परिवहन और विमानन गतिविधियों पर बृहस्पतिवार को भी असर पड़ सकता है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर बुधवार तड़के साढ़े पांच बजे से 600 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई।

भारतीय रेलवे के अनुसार, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 24 ट्रेनें एक से छह घंटे की देरी से चलीं।