अकोला: महाराष्ट्र (Maharashtra) के अकोला में हिंसा (Violence) भड़की हुई है। यहां के पुराने शहर में दो समुदाय के लोगों के बीच झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया (social media) पर विवादित पोस्ट के बाद यह हिंसा फैली है। इलाके में जमकर पथराव किया गया। उपद्रवियों ने इस दौरान कई गाड़ियां तोड़ दीं और कई को आग के हवाले कर दिया। दो गुटों के बीच हुई झड़प में एक की मौत हो गई। जबकि एक पुलिसकर्मी सहित तीन लोग घायल हुए हैं। इलाके में धारा 144 लगा दी गई है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अकोला में शनिवार की शाम किसी ने इंस्टाग्राम पर विवादित पोस्ट कर दिया। इसके चलते कई लोग इकट्ठा होकर पुलिस थाने में पहुंचे और शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया। इसी बीच पुलिस स्टेशन पहुंची भीड़ बेकाबू हो गई और गाड़ियों की तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी।
अकोला के पुराना शहर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम मामूली विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। हिंसक भीड़ ने कुछ वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है: संदीप घुगे, पुलिस अधीक्षक, अकोला, महाराष्ट्र pic.twitter.com/pm2lfA5Qc2
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 14, 2023
अकोला के पुराना शहर थाना क्षेत्र में शनिवार को मामूली विवाद को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। अकोला के एसपी संदीप घुगे ने बताया कि मामूली विवाद को लेकर दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हुई। हिंसक भीड़ ने कुछ वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति अब नियंत्रण में है। अकोला कलेक्टर नीमा अरोड़ा ने बताया कि अकोला में हिंसक झड़पों के बाद शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है।
घटना पुराने शहर के गंगाधर चौक पोला चौक हरिहर पेठ इलाके की बस्ती में हुई है। उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी के साथ ही दमकल वाहन पर भी पथराव किया। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इसी के साथ अकोला जिले के आसपास वाशिम, बुलढाणा, अमरावती से भी पुलिस बल बुला लिया गया। पुलिस की दो कंपनियों ने दंगाइयों की पहचान कर उन्हें पकड़ना शुरू कर दिया है।