Aurangabad municipal commissioner Astik Kumar Pandey

    Loading

    औरंगाबाद: राज्य सरकार के निर्देश पर औरंगाबाद महानगरपालिका प्रशासन (Aurangabad Municipal Corporation Administration) ने 31 दिसंबर 2020 तक शहर में निर्माण हुई गुंठेवारी (Gunthewari) बस्तियों के संपत्तियों को नियमित करने की मुहिम शुरु की है। इस मुहिम के तहत प्रशासन ने गुंठेवारी परिसर में स्थित संपत्तियों को 31 अक्टूबर तक नियमित करने के लिए समय दिया था। अब उसमें एक माह की समयावधि बढ़ाकर 30 नवंबर तक किए जाने की जानकारी औरंगाबाद महानगरपालिका प्रशासक आस्तिक कुमार पांडेय (Astik Kumar Pandey ) ने मीडिया को दी।

    उन्होंने बताया औरंगाबाद महानगरपालिका प्रशासन ने पहले गुंठेवारी परिसर के संपत्तियों को नियमित करने के लिए 30 अक्टूबर 2021 तक का समय दिया था। उसमें प्रशासन ने एक माह का समय औरंगाबाद के गुंठेवारी परिसर के नागरिकों बढ़ाकर दिया है। प्रशासक पांडेय ने साफ किया कि तब तक महानगरपालिका द्वारा गुंठेवारी परिसर में किसी प्रकार की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई नहीं की जाएगी। 

    औरंगाबाद महानगरपालिका की तिजोरी में करीब 7 करोड़ से अधिक की राशि जमा हुई

    गौरतलब है कि औरंगाबाद महानगरपालिका प्रशासन ने राज्य सरकार के निर्देश पर गुंठेवारी परिसर के संपत्तियों को नियमित करने के लिए एक विशेष मुहिम शुरु कर 31 अक्टूबर तक का समय दिया था। महानगरपालिका प्रशासन द्वारा शुरु की गई मुहिम को शहरवासी जोरदार प्रतिसाद दे रहे हैं। मुहिम के चलते महानगरपालिका के पास 1 हजार से अधिक संपत्ति धारकों ने अपने संपत्तियां नियमित कराने के लिए आवेदन कर फाइल जमा किए है। जिसमें 700 से अधिक नागरिकों ने महानगरपालिका के पास चलान भरने से औरंगाबाद महानगरपालिका की तिजोरी में करीब 7 करोड़ से अधिक की राशि जमा हुई।

    एक माह तक नहीं होगी बुलडोजर चलाने की कार्रवाई 

    दीपावली के पावन पर्व के एक पखवाडा पूर्व महानगरपालिका प्रशासक आस्तिक कुमार पांडेय ने मीडिया के माध्यम से गुंठेवारी परिसर के नागरिकों को चेताया था कि वे अपनी संपत्तियां 31 अक्टूबर से पहले नियमित करा लें। उसके बाद महानगरपालिका प्रशासन द्वारा अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। प्रशासक पांडेय द्वारा दी गई चेतावनी के बाद शहर में राजनीति गरमा गई। भाजपा ने जिले के पालकमंत्री सुभाष देसाई, शिवसेना के स्थानीय नेताओं के साथ-साथ महानगरपालिका कमिश्नर पर कई आरोप लगाए। जिसके चलते गुंठेवारी के संपत्तियों को  नियमित करने की मुहिम पर सवाल उठने लगे थे। इसी दरमियान जिले के पालकमंत्री देसाई ने महानगरपालिका प्रशासन द्वारा 1 नंवबर से गुंठेवारी परिसर की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने के लिए निर्णय को स्थगित करने की घोषणा की थी। देसाई की घोषणा के कुछ दिनों बाद महानगरपालिका प्रशासक आस्तिक कुमार पांडेय ने मीडिया से बातचीत करते हुए गुंठेवारी परिसर के संपत्तियों को नियमित करने के लिए और एक माह का समय बढ़ाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 30 नंवबर के बाद सभी से चर्चा कर गुंठेवारी के संपत्तियों को नियमित करने के लिए अगली कार्रवाई तय की जाएगी।