
यावल: जलगांव (Jalgaon) जिले के यावल (Yawal) तहसील के चितोडा में 23 वर्षीय युवक की 2 महिलाओं के साथ 5 लोगों ने अज्ञात कारण से बेत और मुक्कों से पिटाई करते हुए गांव से निकल जाने की धमकी दी। युवक इससे घबरा गया और एक कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता संतोष बाबुराव किनगे ने शहर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। जिस पर गांव की दोनों महिलाओं के साथ 5 लोगों के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यावल तहसील के चितोडा के दुर्गेश संतोष किनगे (23) नामक युवक की अज्ञात कारण से गांव की 2 महिलाओं सहित 5 लोगों ने पिटाई की। युवक की पिटाई के लिए भास्कर आनंदा जंगले, भूषण भास्कर जंगले, ज्ञानेश्वर भास्कर जंगले का नाम सामने आया है। दो महिलाओं के साथ मिलकर दुर्गेश को पीटा था। गुरुवार की सुबह 9 बजे युवक को उस के घर के सामने बेत और मुक्कों से पिटाई करते हुए उसे गालियां दी और गांव छोड़ देने की धमकी दी। इस बात से युवक दुर्गेश डर गया और यावल शिवार के देविदास तुकाराम पाटील के गट नंबर 557 के खेत के कुएं में छलांग मार कर आत्महत्या कर ली।
गुरुवार को ही दोपहर में चितोडा गांव के पुलिस को इसकी सूचना मिली तो तुरंत यावल पुलिस थाना में हादसे की मौत दर्ज कर ली गई थी। देर शाम मृतक के पिता संतोष किनगे की फ़रियाद पर दोनों महिलाओं समेत 5 संदिग्धों के विरुद्ध युवक को आत्महत्या करने के लिए उकसाने के मामले में धारा 304 और 306 के अनुसार अपराध दर्ज कर लिया गया। पुलिस निरिक्षक राकेश माणगावकर के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरिक्षक अविनाश दहिफले घटना की जांच कर रहे हैं।