arrest
File Photo

Loading

पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई में कैंची घोंपकर युवक की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके 16 वर्षीय बेटे को हिरासत में लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

वलीव थाने के वरिष्ठ निरीक्षक कैलास बर्वे ने बताया कि बृहस्पतिवार रात पिता-पुत्र ने 21 वर्षीय अंकित शाह पर कैंची से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना वाकड पाड़ा में हुई और पुलिस ने बाद में पीड़ित के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।  बर्वे ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। 

वहीं पालघर जिले में ही मोबाइल फोन चुराने के आरोपी व्यक्ति ने एक कांस्टेबल पर कथित तौर पर हमला कर दिया जब पुलिस का एक दल उसे गिरफ्तार करने की कोशिश कर रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि हमले में कांस्टेबल घायल हो गया। अधिकारी ने बताया कि घायल कांस्टेबल को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से चोरी के नौ मोबाइल फोन जब्त किए। इसके साथ ही पुलिस ने वालिव, विरार और नालासोपारा इलाकों में मोबाइल फोन चोरी के पांच मामले सुलझा लिए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, शस्त्र कानून और महाराष्ट्र पुलिस कानून के संबंधित प्रावधानों में एक मामला दर्ज किया गया है। (भाषा इनपुट के साथ)