thane,palghar, rain
महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश की चेतावनी (फाइल फोटो)

Loading

मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) में पिछले कुछ दिनों से मौसम में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य में कभी कड़ी धूप के कारण लोगों की हालत ख़राब हो रही है। वहीं, कभी अचानक बारिश के चलते किसानों का काफी नुकसान हो रहा है। इसी बीच मौसम विभाग (Weather Department) की तरफ से राज्य में अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज (Orange) और येलो अलर्ट (Yellow) जारी किया गया है। इस बीच बारिश की आशंका के चलते हवा में उमस ने गर्मी की मात्रा बढ़ा दी है। मालूम हो कि, पिछले 24 घंटे में चंद्रपुर में देश का सबसे अधिक तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य में येलो अलर्ट 

इस बीच, राज्य में तूफानी बारिश जारी है। आज मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ में तूफानी बारिश की चेतावनी है। राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम विभाग ने बिजली चमकने के साथ बारिश की संभावना जताई है। आज से राज्य में आंधी की चेतावनी जारी की गई है। मध्य महाराष्ट्र के पुणे, सतारा, सांगली, कोल्हापुर, सोलापुर इलाकों में येलो अलर्ट दिया गया है।

विदर्भ में बारिश की संभावना 

इसके साथ ही मराठवाड़ा के धाराशिव और लातूर इलाके में भी बारिश की संभावना है। साथ ही विदर्भ के बुलढाणा, अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली जिलों में भी अलर्ट कर दिया गया है। भीषण गर्मी से नागरिकों को परेशानी हो रही है। शुक्रवार सुबह तक 24 घंटे में चंद्रपुर समेत ब्रह्मपुरी में तापमान 43 डिग्री रहा।

भीषण गर्मी का सिलसिला जारी

वर्धा में 42 डिग्री, सोलापुर, अमरावती, नागपुर में 41 डिग्री तापमान पहुंच चुका है। वहीं, राज्य के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान बढ़कर 36 से 41 डिग्री के बीच पहुंच गया है और। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती हवा की स्थिति बनी हुई है। इस अतिरिक्त स्थिति के कारण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ में आज तेज आंधी, गरज और बिजली के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है।