IMD issues heatwave alert temperature will increase in these states

Loading

नागपुर: महाराष्ट्र (Maharashtra) में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। पिछले कुछ दिनों से चल रही बेमौसम बरसात अब थम गई है। लेकिन, तपती धूप के कारण लोगों की हालत ख़राब हो रही है। सूरज ने हर साल की तरह इस बार भी आग उगलना शुरू कर दिया है। राज्य में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर चुका है। इस बीच मौसम विभाग ने शहर में लू (Heat Wave) की चेतावनी जारी की है। राज्य के कई जिले सहित विदर्भ में पारा 45 के पार जा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में लू (Heat Wave) का प्रकोप जारी रहेगा। गर्मी की प्रचंडता दिन-ब-दिन बढ़ती जाएगी और नागरिकों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। इस सप्ताह का अंत और अगले सप्ताह की शुरुआत गर्म होगी। अकोला में पारा शुक्रवार को 44 डिग्री सेल्सियस को पार हो गया है। अन्य शहरों में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।

अप्रैल और मई की शुरुआत में हुई बेमौसम बारिश ने तापमान को कम कर दिया। अब मई के मध्य से ही धूप खिलनी शुरू हो गई है। विदर्भ में उत्तर से गर्म हवाएं चल रही हैं। इसी के चलते मौसम विभाग ने तापमान में अचानक बढ़ोतरी की जानकारी दी है। विदर्भ के लोगों को मई के पूरे महीने भीषण गर्मी झेलनी पड़ती है।

विदर्भ के लगभग सभी जिलों में पारा चालीस के पार पहुंच गया है। बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र मोखा नामक चक्रवात के रूप में विकसित हुआ है। अत: उत्तर-पश्चिम से आने वाली गर्म हवाओं की गति में वृद्धि के कारण तापमान में अचानक वृद्धि देखी जा रही है। इसलिए विदर्भ के साथ कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में लू चलने की संभावना है। फिलहाल नागपुर के लोग सुबह से ही चिलचिलाती धूप का सामना कर रहे हैं।

हालांकि विदर्भ इस तापमान का आदि हो चुका है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से मुंबई और पुणे शहरों में तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने मुंबई के साथ कोंकण और मध्य महाराष्ट्र में लू बढ़ने की चेतावनी दी है। राज्य में स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी नागरिकों से सतर्क रहने और सावधान रहने की अपील की है।